टैटू बनवाने जा रहे तो सावधान, कानपुर की महिला को हुई ये लाइलाज बीमारी
कानपुर। अगर आप टैटू बनवाने जा रहे, तो इस खबर को ध्यान से पढ़ लीजिए। टैटू बनवाने को आजकल स्टाइल स्टेटमेंट माना जाता है। तमाम लोग तो शरीर के तमाम हिस्सों में टैटू बनवाते हैं, लेकिन टैटू बनवाने पर कानपुर की एक महिला के साथ जो हुआ, वो बहुत ही खतरनाक है। कानपुर की महिला ने दिल्ली में टैटू बनवाया था। अब टेस्ट से पता चला है कि महिला को खतरनाक एचआईवी संक्रमण हो गया है।
टैटू गुदवाने वाली महिला कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज पहुंची थी। उसने जेनिटल इन्फेक्शन की शिकायत की। डॉक्टरों ने अन्य जांच के अलावा एचआईवी और हेपेटाइटिस-बी का टेस्ट भी कराया। टेस्ट रिपोर्ट आने पर पता चला कि महिला एचआईवी पॉजिटिव है। महिला को इसके बारे में डॉक्टरों ने जानकारी दी। महिला को भरोसा ही नहीं हुआ कि शरीर पर टैटू बनवाने की वजह से वो इस खतरनाक लाइलाज एचआईवी नाम की बीमारी से ग्रस्त हो गई है। महिला को अब जिंदगी भर एचआईवी वायरस रोधी दवा लेनी होगी। साथ ही ये ध्यान भी रखना होगा कि उसकी वजह से किसी और को एचआईवी न हो।
टैटू बनवाते वक्त कई बार खून निकलता है। अगर टैटू बनाने वाली सुई संक्रमित हुई, तो उससे आप में भी बीमारी आ सकती है। माना जा रहा है कि महिला ने दिल्ली में जिस जगह से टैटू बनवाया, वहां उसी सुई से पहले किसी एचआईवी मरीज का टैटू भी बनाया गया था। टैटू बनवाने के बाद ही महिला को जेनिटल इन्फेक्शन हो गया। डॉक्टरों के पूछने पर उसने बताया कि टैटू बनवाने के बाद ही ऐसा हुआ है। महिला का एंटी रेट्रोवायरल ट्रीटमेंट चल रहा है। एचआईवी की दवा सरकारी अस्पतालों से मुफ्त में मिलती है। जीएसवीएम के डॉक्टरों ने सभी लोगों से कहा है कि अगर वे टैटू बनवाने जा रहे हैं, तो सावधान रहें। नई सुई से टैटू बनवाएं। टैटू स्टूडियो को भी देख-भाल कर चुनें। साथ ही वहां साफ-सफाई पर भी नजर दें।
