मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा… संसद के मानसून सत्र से पहले पीएम नरेंद्र मोदी ने राहुल गांधी पर कसा तंज
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के शुरू होने से पहले अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, चाहे मानसून हो या मानसून सत्र अगर दोनों सक्रिय हों, तो बहुत ही फायदेमंद साबित होते हैं। जब दोनों फायदेमंद होते हैं, तो इससे देश का कल्याण होता है और सभी जीवों का कल्याण होता है। इसीलिए हम प्रार्थना करते हैं कि मानसून सक्रिय और मानसून सत्र भी लाभदायक साबित हो। प्रधानमंत्री ने कहा, पिछले एक महीने में देश ने अनेक सिद्धियां प्राप्त की हैं। देशवासी गर्व से भर जाएं, इस प्रकार की सिद्धियों का सिलसिला चला है। चाहे राष्ट्रीय हो, अंतरराष्ट्रीय हो और अब तो अंतरिक्ष भी हो, एक प्रकार से भारत के लिए गर्व के पल रहे हैं।
मोदी बोले, पिछले वर्ष मॉनसून सत्र के ठीक पहले भारतीय नागरिक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहुंचा था। अभी दो दिन पहले ही भारत के एक युवा स्टार्टअप ने बहुत बड़ी सिद्धि प्राप्त की है। विश्व के कम ही देश हैं जहां इस प्रकार से प्राइवेट साहस हुए हैं और भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में नई उड़ान भरी है। बहुत बड़ी सफलता है। यह जो स्काईरूट स्टॉर्टअप है इसमें काम करने वाले पूरी टीम की एवरेज एज सिर्फ 28 साल है, ऐसे नौजवानों ने यह काम करके दिखाया है। मोदी ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, मैं किसी 56 साल के नौजवान की बात नहीं कर रहा हूं। देश के 28 की एवरेज एज के नौजवानों ने अंतरिक्ष में भारत का झंडा गाड़ दिया है। ऐसी बातें भारत को आत्मविश्वास से भर देती हैं।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा, ये संयोग नहीं, यह एक बड़ा मजबूत संदेश है कि हमारे देश के युवाओं की क्षमता और उनकी आकांक्षा अंतरिक्ष जितनी असीम है। आपको बता दें कि हैदराबाद की स्टार्टअप कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस ने अपने पहले ही प्रयास में ‘विक्रम-1’ रॉकेट को अंतरिक्ष की कक्षा में सफलतापूर्वक पहुंचा कर कीर्तिमान रच दिया है।
