कोलकाता। पश्चिम बंगाल में आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के अध्यक्ष और विधायक हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद के बारे में धमकी भरे अंदाज में बयान दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हुमायूं कबीर ने कहा कि 6 दिसंबर को 5 लाख लोग नेशनल हाइवे नंबर 34 को पूरी तरह जाम करेंगे। हुमायूं कबीर के बयान पर बीजेपी ने भी निशाना साधा है। इससे पहले अप्रैल में अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में कहा था कि हुमायूं कबीर कान खोलकर सुन लें कि राज्य में बाबरी मस्जिद नहीं बनने दी जाएगी।
रिपोर्ट के मुताबिक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद के प्रशासन को धमकी भरे अंदाज में कहा कि अगर पुलिस में हिम्मत है, तो वो मेरे समर्थकों को रोक कर दिखाए। हुमायूं कबीर ने कहा कि 6 दिसंबर को रेजीनगर से बहरमपुर तक 30 किलोमीटर लंबे नेशनल हाइवे को उनके कार्यकर्ता और समर्थक नियंत्रण में लेंगे। हुमायूं कबीर ने कहा कि बेलडांगा में बाबरी मस्जिद बनाने के लिए डोमकल, जलंगी, साईंथिया, कांदी, कृष्णनगर और बर्धमान समेत पश्चिम बंगाल के तमाम सीमावर्ती इलाकों से 5 लाख लोग मुर्शिदाबाद में जुटेंगे। हुमायूं कबीर ने साथ ही कहा कि उनके समर्थक कानून और व्यवस्था को हाथ में नहीं लेंगे।
हुमायूं कबीर के बाबरी मस्जिद संबंधी ताजा बयान पर रेजीनगर से बीजेपी के विधायक शंखरव सरकार ने कहा कि एजेयूपी विधायक पहले भी उप चुनाव में 10 लाशें गिरने का बयान दे चुके हैं। उस वक्त एक बूंद खून तक नहीं बहा। बीजेपी विधायक ने कहा कि हुमायूं भूल गए हैं कि पश्चिम बंगाल में सरकार बदल चुकी है। मुख्यमंत्री और गृहमंत्री शुभेंदु अधिकारी हैं। बीजेपी विधायक शंखरव सरकार ने कहा कि अभी वो खुद मैदान में नहीं उतरे हैं। हुमायूं कबीर पर निशाना साधते हुए शंखरव सरकार ने कहा कि वो उनको धोखाधड़ी के लिए पद्मश्री देने की सिफारिश करेंगे। बीजेपी विधायक ने कहा कि उनकी पार्टी को मस्जिद बनने से आपत्ति नहीं, लेकिन हुमायूं जो करना चाहते हैं, वो नहीं होने दिया जाएगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद का शिलान्यास कराया था। उन्होंने दावा किया है कि 87 करोड़ रुपए की लागत से बाबरी मस्जिद बनेगी।
