दिल्ली

दिल्ली में दिवाली से पहले बढ़ा प्रदूषण, एक्यूआई बहुत खराब स्तर पर

शेयर करें:

नई दिल्ली। हर साल ठंड के मौसम में दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में वायु प्रदूषण बढ़ता है। इस बार भी दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में प्रदूषण पर रोकथाम के लिए ग्रैप-2 की पाबंदियां लागू की गई हैं। इसके बावजूद एक्यूआई 400 को पार कर गया है। यानी दिल्ली की हवा खतरनाक स्तर पर पहुंची है। राजधानी के 8 मॉनिटरिंग स्टेशन पर मंगलवार को हवा की गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली में एक्यूआई का औसत भी 331 यानी बहुत खराब है।

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ते देखकर सोमवार से ग्रैप-2 की पाबंदियां लागू कर दी गई थीं। इन नियमों के तहत प्रदूषण नियंत्रण करने के लिए और कड़े कदम उठाए जाने शुरू किए गए, लेकिन इसका अभी असर होता नहीं दिख रहा है। वायु गुणवत्ता यानी एक्यूआई की बात करें, तो मंगलवाल को दिल्ली के अलीपुर में ये 411 रहा। वहीं, बवाना में एक्यूआई 407, डीटीयू में 404, जहांगीरपुरी में सबसे ज्यादा 447, नरेला में 404, पंजाबी बाग में 425, विवेक विहार में 409 और रोहिणी में एक्यूआई 427 दर्ज किया गया। दिल्ली के आसपास के इलाकों में भी वायु प्रदूषण का स्तर ठीक नहीं है। नोएडा में मंगलवार को एक्यूआई 310 दर्ज किया गया। जबकि, गाजियाबाद में ये 262 पाया गया। गुरुग्राम में एक्यूआई 278 और फरीदाबाद में 112 था।

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ते देख 1 नवंबर से ठंड के मौसम का एक्शन प्लान लागू किया गया था। ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के नियमों के तहत गैर बीएस-6 वाहनों को भी दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। दिल्ली पुलिस हरियाणा और यूपी सीमा पर लगातार चेकिंग कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली की सीमाओं से बीते 36 घंटे में 609 गैर बीएस-6 गाड़ियों को लौटा दिया गया। वहीं, लोगों को यातायात में दिक्कत न होने देने के लिए दिल्ली मेट्रो ने मंगलवार से 20 ज्यादा ट्रिप चलाने का फैसला किया है। इससे दिल्ली मेट्रो के अतिरिक्त ट्रिप की संख्या 40 हो गई है। लोगों को अपनी गाड़ियों की जगह सार्वजनिक परिवहन के साधन इस्तेमाल करने की गुजारिश भी सरकार ने की है।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें