April 24, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ केस में आरसीबी मार्केटिंग हेड गिरफ्तार, तीन अन्य को भी हिरासत में लिया गया

नई दिल्ली। बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) टीम की विक्ट्री परेड से पहले मची भगदड़ मामले में अब कार्रवाई शुरू हो गई है। बेंगलुरु पुलिस ने आरसीबी के मार्केटिंग हेड निखिल सोसले को बेंगलुरु एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए के तीन अधिकारियों किरण, सुमंथ और सुनील मैथ्यू को भी हिरासत में लिया है। इस बीच कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) के पदाधिकारियों ने इस मामले में एसोसिएशन के खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द कराने की मांग वाली याचिका कर्नाटक हाईकोर्ट में दाखिल की है।

आपको बता दें कि भगदड़ मामले में गुरुवार शाम आरसीबी, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) की प्रशासकीय समिति, इवेंट मैनेजमेंट कंपनी डीएनए और अन्य के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस फिलहाल आरसीबी मार्केटिंग हेड निखिल सोसले से पूछताछ कर रही है। निखिल मुंबई के लिए फ्लाइट पकड़ने वाला था मगर उससे पहले बेंगलुरु पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वहीं हिरासत में लिए गए अन्य लोगों से भी पुलिस सवाल जवाब कर रही है। आईपीएल ट्रॉफी जीतने के बाद बेंगलुरु में आरसीबी की विक्ट्री परेड से पहले भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों में कई अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं।

इससे पहले कल ही आरसीबी ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया था। साथ ही घायलों की मदद के लिए आरसीबी केयर्स बनाने की भी बात कही थी। इस पूरे मामले के लिए बीजेपी कर्नाटक की कांग्रेस सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है। बीजेपी कर्नाटक सीएम सिद्धारमैया और डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार का इस्तीफा मांग रही है। कर्नाटक हाईकोर्ट ने भी इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए कल सुनवाई की थी और कर्नाटक सरकार से भगदड़ वाली घटना की रिपोर्ट मांगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *