बनगांव। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सत्ता में आने के बाद सीएम बने शुभेंदु अधिकारी ने पुलिस को निर्देश दिए थे कि वो अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करे। शुभेंदु ने ये एलान भी किया था कि पश्चिम बंगाल में महिलाओं से अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पश्चिम बंगाल पुलिस ने शुभेंदु अधिकारी के निर्देश के बाद यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार की पुलिस की तरह का काम शुरू किया है। पश्चिम बंगाल के बनगांव में नाबालिग से रेप और हत्या के आरोपी को पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वहां की पुलिस ने भी अपराधियों का जमकर एनकाउंटर किया था।
जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के बनगांव जिले के गाइघाटा में बीते दिनों 17 साल की एक लड़की की रेप के बाद हत्या की गई थी। इस मामले में प्रह्लाद दास को बनगांव पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उसे पश्चिम बंगाल पुलिस सोमवार को घटनास्थल ले गई थी। ताकि रेप और हत्या का रीकंस्ट्रक्शन कराया जाए। पुलिस के मुताबिक मौके पर पहुंचने के बाद प्रह्लाद दास ने एक सब इंस्पेक्टर की सर्विस रिवॉल्वर छीन ली और तीन राउंड फायरिंग कर दी। प्रह्लाद की फायरिंग में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ। जिसके बाद पुलिस ने भी फायरिंग की और रेप व हत्या के आरोपी प्रह्लाद दास को कई गोलियां लगीं। चांदपाड़ा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने पर प्रह्लाद को मृत घोषित किया गया।
यूपी में जब 2017 में बीजेपी की सरकार बनी थी, तो सीएम का पद संभालने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद यूपी पुलिस ने अपराधियों का ताबड़तोड़ एनकाउंटर शुरू किया। अब तक यूपी पुलिस ने 300 से ज्यादा अपराधी मार गिराए हैं। यूपी पुलिस के इस एक्शन के बाद हजारों अपराधियों ने सरेंडर किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कई बार जनसभाओं से एलान किया है कि यूपी में माताओं-बहनों के खिलाफ अपराध करने वाले मारे जाएंगे। योगी ने कहा है कि अगर किसी लड़की से छेड़छाड़ भी हुई, तो उसके दोषी को अगले चौराहे पर यमराज जरूर मिलेंगे। अब पश्चिम बंगाल की पुलिस भी योगी की दिखाई राह पर चलती नजर आ रही है।
