तमिलनाडु

तमिलनाडु की थेनी सब जेल से फरार हुए 17 कैदी, जानिए क्या तरीका अपनाया?

शेयर करें:

चेन्नई। तमिलनाडु की थेनी जेल से सोमवार की रात 17 कैदी फरार होने में कामयाब हो गए। थेनी सब जेल में ये घटना हुई। इन कैदियों ने सोमवार देर रात एक जेलकर्मी पर हमला किया और जेल से भाग निकले। पुलिस के मुताबिक फरार हुए कैदियों में से चार को फिर पकड़ लिया गया। बाकी 13 फरार कैदियों की तलाश की जा रही है। तमिलनाडु पुलिस ने थेनी जेल से भागे कैदियों की तलाश के लिए 17 टीमें बनाई हैं। जगह-जगह चेकपोस्ट लगाकर गाड़ियों की जांच जारी है।

तमिलनाडु पुलिस के दक्षिण क्षेत्र के आईजी विजयेंद्र बिदारी के मुताबिक सभी 17 कैदी थेनी सब जेल के एक ही सेल में थे। जेल के कर्मचारी थंगापांडी को सोमवार देर रात पता चला कि एक कैदी बीमार हो गया है। जब जेलकर्मी वहां पहुंचा, तो सभी कैदियों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया और भाग निकले। कैदियों के हमले में थंगापांडी के सिर में चोट लगी है। थंगापांडी को विलाक्कु के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक जेल के दो अन्य कर्मचारी भी कैदियों की पिटाई से घायल हुए हैं। इनका भी इलाज किया जा रहा है।

थेनी सब जेल से कैदियों के फरार होने की जानकारी जैसे ही पुलिस को मिली, तो हड़कंप मच गया। थेनी के पड़ोसी जिलों की पुलिस हाई अलर्ट पर आ गई। सिर्फ डिंडिगुल जिले में ही पुलिस ने 16 जगह चेकपोस्ट लगाए हैं। जानकारी के मुताबिक मदुरै, डिंडिगुल और इडुक्की पुलिस को कैदियों की फोटो और सारी जानकारी भेजी गई है। ताकि उनको गिरफ्तार करने में आसानी हो। तमिलनाडु में जेल ब्रेक की बड़ी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। 15 अगस्त 1995 को वेल्लोर फोर्ट के विशेष डिटेंशन कैंप से लिट्टे के 43 आतंकी सुरंग खोदकर फरार हो गए थे। इनको बड़ी मशक्कत से पकड़ा जा सका था। इसके अलावा सितंबर 1990 में तमिलनाडु का कुख्यात अपराधी ऑटो शंकर मद्रास सेंट्रल जेल से फरार हुआ था।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें