करूर हादसा : निष्पक्ष जांच के लिए मद्रास हाईकोर्ट पहुंची टीवीके
चेन्नई। करूर में शनिवार को रैली के दौरान मची भगदड़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को एक्टर और टीवीके अध्यक्ष विजय ने 20-20 लाख रुपए देने का एलान किया। विजय ने कहा कि उनकी पार्टी की रैली में घायल हुए लोगों को 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने भी इससे पहले करूर में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 2-2 लाख और घायलों के लिए 50-50 हजार रुपए का राहत देने की घोषणा की। तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन शनिवार को ही करूर में हुए हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मदद की बात कह चुके हैं। राज्य सरकार घायलों का मुफ्त इलाज करा रही है।
करूर में विजय की रैली में भगदड़ के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 40 हो चुकी थी। इस हादसे में घायल होने वालों की तादाद 90 बताई जा रही है। घायलों में से कई की हालत गंभीर है। एक्टर और टीवीके अध्यक्ष विजय ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि जो कुछ हुआ, वो कल्पना से परे है। उसके बारे में सोचते ही दिल और दिमाग गहरे बोझ से दब जाते हैं। विजय ने कहा है कि अपने प्रियजनों को खोने के असीम दुख में उनके पास पीड़ा को जताने के लिए शब्द नहीं हैं। विजय ने कहा है कि उनकी आंखें और मन शोक में डूबे हैं। एक्टर ने पोस्ट में लिखा कि जिनसे वो मिले, उनके चेहरे याद आ रहे हैं। विजय ने ये आश्वासन भी दिया है कि उनकी पार्टी टीवीके सभी घायलों को जरूरी मदद देगी।
इस बीच, ये जानकारी भी आई है कि विजय की पार्टी टीवीके ने मद्रास हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। टीवीके ने करूर में हुई भगदड़ की निष्पक्ष एजेंसी से जांच की मांग की है। अपनी याचिका में टीवीके ने ये सवाल भी उठाया है कि करूर में मौजूद भीड़ पर पुलिस ने लाठीचार्ज क्यों किया। जानकारी के मुताबिक टीवीके की तरफ से दाखिल याचिका पर मद्रास हाईकोर्ट सोमवार को सुनवाई करेगा। इस बीच, पुलिस ने करूर की रैली में भगदड़ के मामले में टीवीके के तीन नेताओं के नाम एफआईआर दर्ज की है। घटना के बाद एक्टर विजय चेन्नई के अपने आवास लौट चुके थे।
