दिल्ली

ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भयानक चक्रवात अर्णब की आशंका से दर्जनों ट्रेनें रद्द

शेयर करें:

नई दिल्ली। अर्णब नाम का भयानक चक्रवात ओडिशा और आंध्र प्रदेश की सीमा की ओर बढ़ रहा है। इस चक्रवात के 28 अक्टूबर दोपहर तक तट पार करने की संभावना है। चक्रवात की भयावहता को देखते हुए रेलवे ने 60 से ज्यादा ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही तमाम ट्रेनों को री-शेड्यूल किया है। आपदा से निपटने के लिए ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई जिलों में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों की तैनाती की गई है। ओडिशा में गंजाम जिला प्रशासन ने 29 अक्टूबर तक सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित की है। मछुआरों को समुद्र में न जाने के लिए कहा गया है।

मौसम विभाग ने बताया है कि अगले तीन दिन तक ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तमाम हिस्सों में अर्णब नाम के चक्रवात से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा प्रभावित इलाकों में 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का भी अनुमान है। अर्णब नाम का चक्रवात अभी ओडिशा के गोपालपुर से 380 किलोमीटर दक्षिण और आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से 300 किलोमीटर दूर दक्षिण-पूर्व में है। ये चक्रवात अभी 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तट की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अर्णब चक्रवात में अभी हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटा है। वहीं, झोंकों की रफ्तार 150 किलोमीटर हो गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक अर्णब चक्रवात आंध्र प्रदेश और यनम के तट पर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच पहुंचेगा। चक्रवात के पहुंचने से पहले ही ओडिशा और आंध्र प्रदेश में कई जगह बारिश शुरू हो गई है। अर्णब चक्रवात के कारण ओडिशा और आंध्र प्रदेश के साथ ही तेलंगाना छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और बिहार के अलावा यूपी में भी कई जिलों में बारिश की संभावना है। चक्रवात का सबसे ज्यादा असर मंगलवार की रात तक रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार से ये कमजोर पड़ने लगेगा। हालांकि, इसके बावजूद गुरुवार और शुक्रवार को इसके असर वाले इलाकों में बारिश जारी रह सकती है। करीब-करीब हर साल ओडिशा और आंध्र प्रदेश में चक्रवात आते हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें