September 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

विजय की टीवीके पर भड़की सहयोगी कांग्रेस, राहुल गांधी को पीएम पद के लिए समर्थन न देने पर मंत्रियों के इस्तीफे की धमकी

चेन्नई। लोकसभा चुनाव 2029 में होने हैं, लेकिन तमिलनाडु में सी. जोसेफ विजय की पार्टी टीवीके और उसे समर्थन दे रही कांग्रेस के बीच अभी से पीएम पद के लिए टकराव हो गया है। दरअसल, टीवीके के कई मंत्रियों और नेताओं ने विजय को 2029 के लोकसभा चुनाव में पीएम चेहरे के तौर पर पेश किया था। इसी पर कांग्रेस भड़की है। कांग्रेस अपने नेता राहुल गांधी को अगले पीएम के तौर पर प्रोजेक्ट कर रही है। वहीं, एक ओपिनियन पोल में लोगों ने विजय को पीएम पद के लिए तीसरा अहम चेहरा माना था।

कन्याकुमारी में तमिलनाडु की विजय सरकार में कांग्रेस कोटे से मंत्री एस. राजेश कुमार ने कहा कि अगर टीवीके अगले लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को पीएम पद का दावेदार बनाने का समर्थन न किया, तो उनकी पार्टी से दोनों मंत्री पद छोड़ देंगे। एस. राजेश कुमार ने दावा किया कि राहुल गांधी अगले पीएम होंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर राहुल गांधी का समर्थन न किया, तो वो और उच्च शिक्षा मंत्री पी. विश्वनाथन मंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए तैयार हैं। वहीं, इस बारे में पी. विश्वनाथन ने खबर लिखे जाने तक प्रतिक्रिया नहीं दी थी। राजेश कुमार के बयान से साफ है कि राहुल गांधी के पीएम बनने के मसले पर विजय की टीवीके से रिश्तों में दरार पैदा हुई है।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की टीवीके ने 108 सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 5 सीट पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने इसके बाद डीएमके से पल्ला झाड़कर टीवीके को समर्थन दिया था। वामदलों और कुछ अन्य छोटी पार्टियों ने भी विजय की टीवीके को समर्थन देकर तमिलनाडु विधानसभा में बहुमत की संख्या 118 के पार पहुंचाया। फ्लोर टेस्ट के दौरान विजय ने 144 विधायकों का समर्थन दिखाया था। ऐसे में कांग्रेस अगर टीवीके का साथ छोड़ती भी है, तो उसे बाकी दलों को भी विजय के समर्थन से हटाना होगा। तभी तमिलनाडु की विजय सरकार के सामने कांग्रेस संकट पैदा कर सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *