तमिलनाडु के सीएम विजय ने स्वास्थ्य बीमा योजना की राशि 25 लाख करने का एलान किया
चेन्नई। तमिलनाडु के सीएम विजय ने बुधवार को कई योजनाओं का एलान किया। तमिलनाडु में अब सीएम स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज की सीमा को 5 लाख से बढ़ाकर 25 लाख किया जाएगा। इसके अलावा ज्यादा कीमत पर दूध भी खरीदा जाएगा। सीएम विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में बताया कि स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मदद की रकम बढ़ाने से राज्य के लोग गंभीर बीमारियों का इलाज भी करा सकेंगे। उन्होंने ट्रांसजेंडरों के लिए अतिरिक्त मेडिकल सेवा की भी घोषणा की।
सीएम विजय ने विधानसभा में बताया कि सरकार मेडिकल और नर्सिंग की शिक्षा को मजबूत करेगी। इस मद में 351 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं। तमिलनाडु के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अतिरिक्त 6098 सीटें बढ़ाने की योजना है। इसके तहत बीएससी नर्सिंग के लिए 660, नर्सिंग कॉलेजों में 1925, पैरामेडिकल कोर्स में 2778 और मेडिकल कोर्स में 735 सीटें बढ़ाई जाएंगी। तमिलनाडु में 7 नए सरकारी नर्सिंग कॉलेज स्थापित करने का एलान भी सीएम विजय ने किया है। सीएम विजय ने तमिलनाडु विधानसभा में बताया कि पेरम्बलूर में 300 करोड़ खर्च कर 400 बिस्तरों वाला मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाया जाएगा।
इसके अलावा दूध उत्पादकों से तमिलनाडु सरकार अब 41 रुपए प्रति लीटर की दर से दूध खरीदेगी। इससे 3.16 लाख दूध उत्पादकों को फायदा होगा। अब तक इनसे 38 रुपए लीटर दूध खरीदा जाता था। दूध उत्पादकों को सरकारी प्रोत्साहन की राशि भी 3 रुपए प्रति लीटर से बढ़ाकर 5 रुपए प्रति लीटर करने का एलान किया गया है। इस पर 360 करोड़ का खर्च होगा। इसके अलावा सीएम विजय ने एलान किया कि सभी विधायकों को सरकार की ओर से गाड़ी दी जाएगी। ताकि विधायक अपने चुनाव क्षेत्र में जनसेवा और विकास के कार्यों को बेहतर तरीके से कर सकें। हालांकि, इन योजनाओं पर करोड़ों खर्च होंगे। जून के आंकड़ों के मुताबिक तमिलनाडु पर 13 लाख करोड़ का कर्ज है। हर 100 में से 65 रुपए कर्ज के ब्याज और सैलरी पर खर्च करने पड़ते हैं।
