ब्रिटेन में बच्चियों के रेप के दोषी शब्बीर अहमद को पाकिस्तान ने वापस लेने से किया इनकार
लंदन। तमाम देशों में होने वाले अपराधों में पाकिस्तान के नागरिकों के शामिल होने की खबरें आती रहती हैं। ऐसा ही एक शख्स है शब्बीर अहमद। शब्बीर अहमद पाकिस्तान का मूल निवासी है और ब्रिटेन में वो बच्चियों से रेप करने में शामिल रोशडेल ग्रूमिंग गैंग चला रहा था। ब्रिटेन की सरकार शब्बीर अहमद को वापस भेजना चाहती है, लेकिन पाकिस्तान ने उसे लेने से साफ मना कर दिया है। पाकिस्तान उल्टे धमकी देते हुए कह रहा है कि अगर शब्बीर अहमद को जबरन भेजा गया, तो वो अवैध प्रवासियों को ब्रिटेन से वापस लेना बंद कर सकता है।
ब्रिटिश अखबार द टेलीग्राफ की खबर के मुताबिक पाकिस्तानी शब्बूर अहमद को बच्चों से रेप के 30 मामलों में ब्रिटेन के कोर्ट ने 22 साल कैद की सजा सुनाई थी। 14 साल जेल में रहने के बाद वो रिहा हुआ। अखबार ने शब्बीर की वापसी के बारे में पाकिस्तान सरकार के वरिष्ठ अफसरों से बात की। इस पर पाकिस्तान के अफसरों ने कहा कि उनके देश ने ब्रिटेन को करीब 1500 ऐसे लोगों को वापस भेजने में सहयोग दिया है, जिनकी ब्रिटेन में शरणार्थी की अर्जी नामंजूर हुई थी या वीजा खत्म होने पर भी रुककर ब्रिटेन के इमिग्रेशन नियमों का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान के अफसरों के मुताबिक ब्रिटेन दबाव डाल रहा है कि शब्बीर अहमद को भी वापस लिया जाए।
पाकिस्तानी अफसरों ने अखबार को बताया कि अगर शब्बीर को वापस लिया गया, तो ब्रिटेन से सुरक्षा, खुफिया जानकारी और संगठित अपराध पर जारी सहयोग खतरे में पड़ेगा। पाकिस्तान की सरकार ब्रिटिश सरकार के उन दबावों से नाराज है कि अगर शब्बीर को वापस नहीं लिया जाता, तो वो पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा बैन और पाकिस्तान को आर्थिक मदद बंद कर सकती है। शब्बीर अहमद की उम्र 73 साल है। साल 2012 में उसे बच्चियों के रेप के मामले में दोषी ठहराया गया था। उसके पास ब्रिटेन और पाकिस्तान दोनों की ही नागरिकता थी। ब्रिटेन ने शब्बीर का पासपोर्ट छीन लिया है। ब्रिटेन की गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा है कि वो 50 साल पुराने इमिग्रेशन कानून में बदलाव करेंगी। ताकि उस कमी को दूर कर सकें, जिसके तहत शब्बीर अहमद जैसे अपराधियों को उनके देश वापस नहीं भेजा जा पा रहा।
