August 19, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Heavy Rain Alert: मौसम विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी

नई दिल्ली। मौसम विभाग (आईएमडी) ने 16 राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। पूर्वी यूपी के लिए आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक मॉनसून का ट्रफ और उत्तर भारत में फैले चक्रवातीय संचरण आपस में मिल रहे हैं। ये सिस्टम झारखंड और बिहार होते हुए आगे बढ़कर कम दबाव के क्षेत्र में बदलेगा। जिसकी वजह से भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और एनसीआर में हल्की बारिश हो सकती है। हरियाणा और पंजाब में भी 22 अगस्त तक बारिश की बात मौसम विभाग ने कही है। जम्मू-कश्मीर में 23 अगस्त तक बारिश होते रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत तमाम जगह 22 अगस्त तक बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 24 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट आईएमडी ने दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में गुरुवार के बाद से बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी मध्य प्रदेश में भी बारिश देखने को मिलेगी। राजस्थान में कई जगह हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में गुरुवार तक और झारखंड में शनिवार तक भारी बारिश के आसार हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में भी बारिश के आसार हैं।

आईएमडी का अनुमान है कि पूर्वोत्तर राज्यों में भी 24 अगस्त तक मध्यम से भारी बारिश होती रहेगी। इन सभी राज्यों में तेज आंधी-तूफान आने और आसमानी बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने पहले बताया था कि इस साल मॉनसून के सीजन में औसत से कम बारिश होगी। मॉनसून इस बार चार दिन देरी से केरल पहुंचा था। फिर मध्य प्रदेश तक रफ्तार पकड़े रहने के बाद कई दिन रुका रहा था। इसके बाद से देश के बड़े हिस्से में रुक-रुककर बारिश हो रही है। जबकि, पूर्वोत्तर भारत में जबरदस्त बारिश जारी रहने के कारण असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी। भारत में मॉनसून की बारिश सितंबर तक होती है। ऐसे में धान उगाने वाले किसानों के लिए बारिश बहुत जरूरी है। औसत से कम बारिश होने पर फसल को नुकसान पहुंचने का अंदेशा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *