October 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पश्चिम बंगाल सरकार ने मिथुन चक्रवर्ती को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट मंत्री का दिया दर्जा

नई दिल्ली। अभिनेता से राजनेता बने मिथुन चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल की बीजेपी सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। मिथुन को सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग का सलाहकार नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही मिथुन को अब कैबिनेट मंत्री का दर्जा मिल गया है। इन दोनों विभाग का प्रभार फिलहाल मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पास हैं। मिथुन चक्रवर्ती की नियुक्ति को लेकर आदेश जारी कर दिया गया है। मिथुन पिछले काफी समय से पश्चिम बंगाल की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्होंने बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी के स्टार प्रचारक के रूप में भूमिका निभाई थी।

मिथुन चक्रवती की नियुक्ति ऐसे समय पर हुई है जब पश्चिम बंगाल सरकार सांस्कृतिक मुद्दों पर खासा ध्यान दे रही है। इसके साथ ही फिल्म क्षेत्र को प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है। चूंकि मिथुन खुद एक कलाकार हैं और उनके पास इस क्षेत्र में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है तो इसका फायदा विभाग को मिलेगा। बीजेपी में आने से पहले मिथुन चक्रवर्ती तृणमूल कांग्रेस में थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मिथुन को फरवरी 2014 में राज्यसभा सांसद के रूप में मनोनीत किया था। हालांकि दिसंबर 2016 में उन्होंने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था। इसके पीछे उन्होंने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था।

इसके बाद मिथुन कुछ सालों के लिए राजनीतिक से दूर हो गए थे। मार्च 2021 में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले वो बीजेपी में शामिल हो गए थे। तब से बंगाल में वो सक्रिय भूमिका में हैं। 2021 और 2026 बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने अपने प्रमुख स्टार प्रचारकों में मिथुन चक्रवर्ती को भी शामिल किया था। वंदे मातरम के मुद्दे पर भी मिथुन विपक्ष के खिलाफ काफी मुखर रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *