May 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

काकोली घोष दस्तिदार ने कल्याण बनर्जी पर लगाए अपमानित करने के आरोप, लोकसभा अध्यक्ष को लिखा पत्र

नई दिल्ली। बंगाल में विधानसभा चुनाव में हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी की बेहद खासमखास रहीं काकोली घोष दस्तिदार पिछले कुछ दिनों से बगावती तेवर अपनाए हुए हैं। पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा देने के बाद अब सांसद काकोली घोष दस्तिदार ने टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। काकोली घोष ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखकर कल्याण बनर्जी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अनुमति मांगी है। इस पत्र में काकोली घोष ने यह आरोप लगाया है कि कल्याण बनर्जी ने उनके साथ लोकसभा में दुर्व्यवहार किया और अपशब्द कहकर अपमानित किया।

इस घटना से एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के बीच मतभेद सार्वजनिक हो गए हैं। काकोली घोष दस्तिदार ने अभी हाल ही में बारासात जिलाध्यक्ष के पद से इस्तीफा दिया था। उसके बाद उन्होंने पार्टी के सभी पदों से भी इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने तृणमूल नहीं छोड़ी है। दरअसल यह पूरा घटनाक्रम काकोली घोष दस्तिदार को लोकसभा में टीएमसी के चीफ व्हिप पद से हटाए जाने के बाद से शुरू हुआ है। टीएमसी ने विधानसभा चुनाव में हार के बाद लोकसभा में टीएमसी के चीफ व्हिप पद एक बार फिर कल्याण बनर्जी को सौंप दिया।

पद से हटाए जाने के बाद काकोली घोष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट की थी जिसके बाद ऐसा माना जा रहा है कि वो टीएमसी नेतृत्व से खफा हैं। कुछ दिन पहले ही केंद्र सरकार ने काकोली घोष दस्तिदार को वाई श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है जिसके बाद से उनके बीजेपी में जाने की अटकलें लगनी भी शुरू हो गई हैं। बता दें कि काकोली घोष दस्तिदार पश्चिम बंगाल की बारासात लोकसभा सीट से चार बार की सांसद हैं। 2009 से वो लगातार इस सीट से चुनाव जीतती आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *