August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कोलकाता के एनआरएस मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के टॉयलेट में मिली नर्स की लाश

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता स्थित नीलरतन सरकार (एनआरएस) मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला नर्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नर्स की लाश अस्पताल के टॉयलेट में मिली है। घटना बुधवार रात की है। कोलकाता पुलिस ने नर्स के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी सबूत जुटाए हैं। आत्महत्या और हत्या दोनों एंगल से पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल पाएगी। इस घटना के बाद से अस्पताल के अन्य कर्मचारी और मरीज घबराए हुए हैं।

अस्पताल में काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि नर्स की नाइट शिफ्ट थी। बुधवार रात तकरीबन करीब 8 बजे वो ड्यूटी के लिए अस्पताल पहुंची थी। इसके बाद 9 बजे से 10 बजे के बीच वह टॉयलेट गई थी लेकिन वहां से लौटी नहीं। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वो नहीं आई तो उसको तलाशा गया। इसके बाद टॉयलेट में वो मृत अवस्था में पाई गई। वहीं कोलकाता पुलिस के अनुसार गुरुवार रात 10.30 बजे उनको घटना के विषय में जानकारी मिली। पुलिस के अनुसार टॉयलेट का दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज लगाकर दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया गया मगर जब अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पुलिस ने दरवाजा तोड़ दिया।

अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। वहां पर नर्स मृत अवस्था में पड़ी मिली। पुलिस घटना के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए नर्स के साथ काम करने वाले अस्पताल के अन्य सहकर्मियों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस मृतक नर्स की पर्सनल लाइफ को लेकर भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की स्थिति क्लियर हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *