August 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान को जान से मारने की धमकी, इस फरार गैंगस्टर की तरफ से फोन कॉल पर दिया गया मैसेज

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी के बेटे और एनसीपी नेता जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली है। जीशान सिद्दीकी के मुताबिक फोन कॉल कर उनको जान से मारने की धमकी दी गई। जीशान ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस के साथ ही महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस को दी है। जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी की भी हत्या हुई थी। जिसमें गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह का हाथ होने की बात सामने आई थी।

मुंबई पुलिस के मुताबिक जीशान सिद्दीकी को फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर की ओर से जान से मारने की धमकी दी गई है। गैंगस्टर ने ऑडियो संदेश रिकॉर्ड को फोन कॉल के जरिए भेजा। जीशान अख्तर लंबे वक्त से फरार है। मुंबई पुलिस के मुताबिक जीशान सिद्दीकी की बहन बांद्रा थाने पहुंची थीं। उनकी शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है। जीशान सिद्दीकी को पिछले हफ्ते भी जान से मारने की धमकी मिली थी। जीशान सिद्दीकी को इससे पहले 22 अप्रैल 2025 को भी धमकी दी गई थी। उस वक्त धमकी देने वाले ने ई-मेल भेजकर खुद को दाऊद इब्राहिम की डी कंपनी का बताया था। जीशान को भेजे ई-मेल में कहा गया था कि 10 करोड़ रुपए न देने पर बाबा सिद्दीकी की तरह ही उनकी हत्या होगी।

जीशान के पिता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में हत्या हुई थी। बाबा सिद्दीकी की हत्या जीशान के दफ्तर के बाहर गोली मारकर की गई थी। मुंबई पुलिस ने बाबा सिद्दीकी पर हमला करने में शामिल तीन शूटरों समेत 24 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था। बाबा सिद्दीकी की हत्या में लॉरेंस बिश्नोई के भी अनमोल बिश्नोई को मुंबई पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता बनाया। मुंबई पुलिस की ओर से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराए जाने के बाद अमेरिका की सरकार ने अनमोल बिश्नोई को भारत भेजा था। बाबा सिद्दीकी को लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक्टर सलमान खान से करीबी रिश्ते होने की वजह से लगातार मारने की धमकियां दी थीं। सलमान खान को काले हिरण शिकार का दोषी बताकर लॉरेंस गैंग पहले से निशाने पर रखे हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *