आतंकवादी बहुत जल्द तुम्हारी हत्या…चिराग पासवान को जान से मारने की मिली धमकी
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी दी गई है। चिराग पासवान के कार्यालय में डाक से एक चिट्ठी आई है जिसमें उनके लिए यह लिखा है कि खूंखार आतंकवादी बहुत ही जल्द तुमको मार देंगे। इस धमकी भरे पत्र को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय मंत्री के कार्यालय के द्वारा गृह मंत्रालय को सूचित किया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री के अतिरिक्त निजी सचिव आलोक ने केंद्रीय गृह सचिव को पत्र लिखा है और चिराग पासवान की सुरक्षा को बढ़ाने की मांग की है।
वहीं सुरक्षा एजेंसियां भी एलर्ट हो गई हैं। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा यह पत्र कहां से आया और इसे भेजने वाला कौन है। इस पत्र में किसी आतंकी संगठन या किसी व्यक्ति का कोई नाम मेंशन नहीं है। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने चिराग पासवान को जान से मारने की धमकी मिलने को अत्यंत गंभीर मुद्दा बताया है। चिराग की पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से यह मांग की है कि धमकी देने वाले का जल्द से जल्द पता लगाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही समीक्षा के साथ चिराग पासवान की सुरक्षा को बढ़ाने की मांग भी की गई है।
चिराग पासवान को अभी जेड श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है। चिराग पासवान के घर और कार्यालय की सुरक्षा को एहतियात के तौर पर बढ़ाया जा सकता है। आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब चिराग पासवान को धमकी मिली हो। इससे पहले जुलाई 2025 में भी उनको एक बार धमकी दी गई थी, हालांकि तब उन्हें सोशल मीडिया के जरिए धमकी भरा मैसेज मिला था। चिराग ने जब अपनी पार्टी के कैंडिडेट विधानसभा चुनाव में उतारने का फैसला किया था यह उस वक्त की बात है।
