दुकान के असली मालिक का नाम और आधार कार्ड की कॉपी दुकान के बाहर लगाई जाए, बीजेपी विधायक ने दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता को लिखा पत्र
नई दिल्ली। दिल्ली की जंगपुरा सीट से बीजेपी विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर मांग उठाई है कि राजधानी में स्थित सभी दुकानदारों को अपनी दुकान के बाहर अपना नाम लिखवाने का निर्देश दें। बीजेपी विधायक ने कहा कि दुकान के असली मालिक का नाम और आधार कार्ड की कॉपी दुकान के बाहर लगाई जाए ताकि ग्राहकों को यह पता चल सके कि दुकान किसकी है और किसी को परेशानी ना हो। उन्होंने कहा कि ऐसा सिर्फ त्योहारों पर नहीं बल्कि ये नियम पूरे साल दुकानदारों के लिए अनिवार्य किया जाना चाहिए।
सीएम रेखा गुप्ता को पत्र लिखने पर बीजेपी नेता तरविंदर सिंह मारवाह का कहना है कि हमें जानकारी मिली थी कि दुकान के बाहर नाम कुछ और लिखा है और दुकान का संचालन कोई और कर रहा है। फिर हमने बाद में इसकी पुष्टि की और पाया कि ऐसा कई दुकानों में हो रहा है। हम चाहते हैं कि दुकान के बाहर असली मालिक का नाम और आधार कार्ड लगाया जाए, ताकि ग्राहकों को इसकी जानकारी हो सके कि दुकान का मालिक कौन है। उन्होंने कहा कि इससे व्यावसायिक पारदर्शिता बनी रहेगी और ग्राहकों को भी परेशानी नहीं होगी। बीजेपी विधायक ने यह भी कहा कि वो इस मुद्दे को दिल्ली विधानसभा में भी उठाएंगे।
आपको बता दें कि यूपी में कावड़ यात्रा के दौरान पिछले साल सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली सभी दुकानदारों के लिए आदेश जारी किया था कि दुकान मालिक का असली नाम दुकान के बाहर लिखा जाए। उत्तराखंड सीएम ने भी ऐसा ही आदेश जारी किया था। हालांकि इस आदेश को लेकर काफी विवाद भी हुआ था। यह मामला सुप्रीम कोर्ट भी गया था। विपक्षी दलों ने इस आदेश को सामाजिक भेदभाव से जोड़ते हुए सरकार को घेरने का प्रयास किया था, वहीं कुछ मुस्लिमों ने भी इसका विरोध किया था।
