June 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नोएडा हिंसा मामले में घिरीं आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव, एफआईआर दर्ज, जानिए क्या है आरोप

नई दिल्ली। नोएडा में श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन से जुड़े मामले में आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। यह कार्रवाई उनकी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर हुई है। दरअसल आरजेडी प्रवक्ताओं ने एक्स पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमें एक व्यक्ति को पुलिस के द्वारा पीटते हुए दिखाया गया था और इसे नोएडा की घटना बताया था। पुलिस का कहना यह वीडियो मध्य प्रदेश की एक पुरानी घटना का है और इसे नोएडा की घटना से जोड़कर लोगों को भ्रमित कर भड़काने की कोशिश की गई। इसी आरोप में एक्शन लेते हुए पुलिस ने प्रियंका भारती और कंचना यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है।

इन दोनों के अलावा यूपी पुलिस की साइबर सेल ने कुछ अन्य सोशल मीडिया हैंडल्स की भी पहचान की है जिनसे यह वीडियो शेयर किया गया था। पुलिस ने जितेंद्र शर्मा दौसा और @ItsKtyni नाम के हैंडर्ल्स पर भी केस दर्ज किया है। अब इन सभी के खिलाफ कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी। यूपी पुलिस की ओर से यह बताया गया है कि मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद के बुढार थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा नशे की अवस्था में हंगामा किए जाने की घटना के वीडियो को भ्रामक रूप से जनपद गौतमबुद्ध नगर की घटना बताकर सोशल मीडिया एकाउंट से प्रसारित किया जा रहा है, जो पूर्णतः असत्य एवं भ्रामक है।

पुलिस ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि किसी भी प्रकार की सूचना या वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। आपको बता दें कि वेतन वृद्धि की मांग को लेकर नोएडा में स्थित होजरी और अन्य प्राइवेट फैक्ट्रियों के वर्कर्स पिछले कुछ दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को यह प्रदर्शन हिंसा में बदल गया। उग्र श्रमिकों ने पथराव किया, कई गाड़ियों को तोड़ दिया और आग लगा दी। इसके बाद भारी पुलिस बल तैनात कर हालात पर काबू पाया गया। उधर, यूपी सरकार ने श्रमिकों के हित में फैसला लेते हुए वेतन वृद्धि का ऐलान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *