पूर्व टीएमसी विधायक निर्मल घोष गिरफ्तार, आरजी कर मामले में पीड़ित पिता की एफआईआर पर एक्शन
नई दिल्ली। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में रेप और हत्या की शिकार जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराए जाने के आरोप में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के पूर्व विधायक निर्मल घोष को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने पूर्व विधायक को ओडिशा के संबलपुर से पकड़ा है। प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के अंतिम संस्कार से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच मामले में निर्मल घोष समेत, पानीहाटी नगरपालिका के पार्षद सोमनाथ डे और पीड़ित परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज हुई थी।
पुलिस के अनुसार, ट्रेनी डॉक्टर के शव को पानीहाटी के एक श्मशान घाट ले जाया गया था जहां दो अन्य शवों का पहले अंतिम संस्कार होना था मगर उनसे पहले डॉक्टर का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इतना ही नहीं अंतिम संस्कार की सहमति से जुड़े दस्तावेजों पर मृतका के माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य के बजाय पड़ोसियों के हस्ताक्षर कराए गए थे। मृतका के पिता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि निर्मल घोष ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से बिना हमारी सहमति के मेरी बेटी का अंतिम संस्कार करा दिया था। पीड़ित पिता ने पुलिस से की गई शिकायत में यह भी कहा था कि उन्होंने बेटी के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की थी, ताकि कुछ और जानकारी सामने आ सके मगर कथित तौर पर राजनीतिक प्रभाव के कारण उनकी मांग को नहीं माना गया।
हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने 9 अगस्त को ट्रेनी डॉक्टर की दूसरी पुण्यतिथि पर पुलिस को अलग से नया मामला दर्ज कर जांच के आदेश दिए थे। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है। घोष की गिरफ्तारी के बाद अब संभावना जताई जा रही है कि टीएमसी नेता सोमनाथ डे और पीड़ित परिवार के पड़ोसी संजीव मुखर्जी को भी जल्द गिरफ्तार किया जा सकता है।
