September 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के 10 बागी विधायकों को विधानसभा सचिवालय का नोटिस

नई दिल्ली। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस के 10 बागी विधायकों को बंगाल विधानसभा सचिवालय की ओर से नोटिस जारी हुआ है। नोटिस का जवाब देने के लिए विधायकों को एक सप्ताह का समय दिया गया है। ममता बनर्जी की पार्टी की तरफ से इन विधायकों को अयोग्य ठहराए जाने की मांग पर विधानसभा सचिवालय ने इस नोटिस को जारी किया है। ममता बनर्जी गुट के विधायक शोभनदेब चट्टोपाध्याय ने सात जुलाई को विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बोस को पत्र लिखा था। उन्होंने बगावत करने वाले 10 विधायकों को विधानसभा सदस्य के रूप में अयोग्य ठहराने की मांग की थी।

जिन 10 विधायकों को नोटिस जारी हुआ है उसमें पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी, अरूप राय, फिरहाद हकीम, संदीपन साहा, अखरुजमान अंसारी, शिउली साहा, सबीना यास्मीन, बिप्लब मित्रा, जावेद खान और रथिन घोष का नाम शामिल है। आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद ममता बनर्जी ने विधायक ऋतब्रत बनर्जी और संदीपन साहा को टीएमसी से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद शोभनदेब चट्टोपाध्याय को विपक्ष का नेता बनाया था। मगर टीएमसी में फूट पड़ गई और ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में बागी विधायकों ने अपना एक अलग धड़ा बना लिया। इसके बाद बागी गुट के 59 विधायकों के समर्थन से ऋतब्रत बनर्जी को विपक्ष का नेता बनाए जाने को विधानसभा अध्यक्ष ने मंजूरी दे दी।

ऋतब्रत बनर्जी वाले गुट ने खुद को असली टीएमसी पार्टी होने का दावा भी किया है। इसको लेकर चुनाव आयोग के समक्ष फिलहाल मामला लंबित है। ऋतब्रत बनर्जी का दावा है कि टीएमसी के 80 में से 64 विधायक उनके साथ हैं। इससे पहले ऋतब्रत बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा अध्यक्ष से मिलकर यह शिकायत की थी कि शोभनदेब को नेता प्रतिपक्ष बनाने का जो प्रस्ताव ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने भेजा था उसमें 14 विधायकों के फर्जी दस्तखत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *