May 28, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बीजेपी ने दिल्ली, हरियाणा समेत चार राज्यों में बदले प्रदेश अध्यक्ष, जानिए कहां, किसे मिली जिम्मेदारी?

नई दिल्ली। बीजेपी ने आज संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए चार राज्यों में अपने प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और त्रिपुरा में प्रदेश अध्यक्षों को बदला गया है। खास बात यह है कि हरियाणा में बीजेपी ने महिला नेता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है जबकि पंजाब और त्रिपुरा में जिन नेताओं को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है वो पहले कांग्रेस में हुआ करते थे जो बाद में बीजेपी में शामिल हो गए। दिल्ली में केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं हरियाणा में डा. अर्चना गुप्ता को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।

इसी प्रकार से पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लों को बीजेपी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी बीजेपी ने सौंपी है। इन सभी की नियुक्त तत्काल प्रभाव से लागू होगी। हरियाणा में यह दूसरी बार है जब बीजेपी ने किसी महिला को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। वहीं पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष को बदलना एक बड़ा फैसला माना जा रहा है।

हर्ष मल्होत्रा

हर्ष मल्होत्रा दिल्ली बीजेपी के पहले प्रदेश अध्यक्ष रहे दिवंगत विजय कुमार मल्होत्रा के बेटे हैं। हर्ष मल्होत्रा पूर्वी दिल्ली नगर निगर के मेयर भी रह चुके हैं। मौजूदा समय में वो दिल्ली से सांसद हैं और सड़क परिवहन मंत्रालय में राज्यमंत्री हैं। हर्ष अब वीरेंद्र कुमार सचदेवा की जगह दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालेंगे।

डा. अर्चना गुप्ता

हरियाणा में बीजेपी ने मोहन लाल बड़ौली को हटाकर अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। अर्चना गुप्ता की संगठन स्तर पर काफी मजबूत पकड़ मानी जाती है। वो मूल रूप से पानीपत जिले की रहने वाली हैं और पेशे से डॉक्टर हैं। वो बीजेपी में रहते कई अहम जिम्मेदारियां संभाल चुकी हैं।

केवल सिंह ढिल्लों

बरनाला के पूर्व विधायक केवल सिंह ढिल्लों को बीजेपी ने पंजाब प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। केवल सिंह पहले कई सालों तक कांग्रेस में रह चुके हैं। वो कांग्रेस की टिकट पर 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में बरनाला सीट से विधायक रह चुके हैं। 2022 में वो कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। ढिल्लों को पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टर अमरिंदर सिंह बेहद करीबी माना जाता है। ढिल्लों पंजाब बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा की जगह लेंगे।

अभिषेक देबरॉय

त्रिपुरा बीजेपी के नए अध्यक्ष अभिषेक देबरॉय साल 2023 में चुनाव जीतकर पहली बार विधायक बने हैं। इससे पहले वो गोमती जिले में बीजेपी के जिलाध्यक्ष भी रहे चुके हैं। अभिषेक ने अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कांग्रेस से की थी। 5 साल पहले वो बीजेपी में शामिल हो गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *