दिल्ली सरकार 400 यूनिट तक बिजली खपत वाले घरों में लगाएगी मुफ्त सोलर पैनल
नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ा हितकारी फैसला किया है। दिल्ली में ऐसे घरेलू उपभोक्ता जिनकी मासिक बिजली खपत 400 यूनिट तक है उनके घरों की छत पर तीन किलोवाट क्षमता तक का सोलर पावर प्लांट पूरी तरह निःशुल्क लगाया जाएगा। मार्च 2027 तक दिल्ली के 2.30 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त सोलर पैनल उपलब्ध कराने का फैसला लिया गया है। मेंटेनेंस भी पांच साल के लिए फ्री रहेगा। 0-200 यूनिट कैटेगरी वाले योग्य उपभोक्ताओं को मौजूदा 100% बिजली सब्सिडी मिलती रहेगी, साथ ही बिजली बचत के 50% हिस्से पर प्रति यूनिट 3 रुपये का सालाना एनर्जी-सेविंग इंसेंटिव भी मिलेगा।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि 3-kW का सोलर प्लांट लगभग 300 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है। ऐसे में डिस्कॉम को भेजी गई अतिरिक्त सोलर बिजली का भुगतान भी उपभोक्त्ताओं को लागू दर पर किया जाएगा। इससे उपभोक्ता बिजली उत्पादक बन जाएंगे। यानी कस्टमर अब बिजली का इस्तेमाल करने वाला नहीं बल्कि बिजली पैदा करने वाला भी बनेगा। सीएम ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने पर पांच साल तक जो इंसेंटिव राशि मिलता था अब इंस्टालेशन के समय ही मिल जाएगा। रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारा लक्ष्य लोगों को 200 यूनिट पर सब्सिडी देना का नहीं है बल्कि बिजली पैदा करने वाले घर बनाने का है।
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली पीएम सूर्य-घर मुफ्त बिजली परियोजना के माध्यम से हर घर को सोलर पावर से जोड़ने का विजन इस पॉलिसी में सरकार लेकर आई है। दिल्ली सोलर एनर्जी पॉलिसी 2023 में दूसरे संशोधन को ऐतिहासिक मंजूरी मिली है। यह स्कीम IPGCL के जरिए ‘यूटिलिटी-लेड एग्रीगेशन मॉडल’ और कॉम्पिटिटिव बिडिंग (प्रतिस्पर्धी बोली) के तहत लागू की जाएगी ताकि बेहतर कीमत और क्वालिटी मिल सके, जबकि इंस्टॉलेशन, ऑपरेशन और शिकायतों के समाधान का काम IPGCL संभालेगा। सीएम ने कहा कि आज का दिन दिल्ली के ऊर्जा क्षेत्र के लिए सच में एक ऐतिहासिक दिन है।
