मौसम विभाग ने 19 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी, पहाड़ी राज्यों में हादसों में कई लोगों ने गंवाई जान
नई दिल्ली। यूपी समेत तमाम राज्यों में जोरदार बारिश हो रही है। अब मौसम विभाग ने और बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के सक्रिय होने के कारण सात सितंबर तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत 19 राज्यों में घनघोर बारिश होने के आसार हैं। उधर, बारिश के कारण तमाम राज्यों में हादसे भी देखने को मिल रहे हैं।
असम के गुवाहाटी में बारिश के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत हुई है। वहीं, उत्तराखंड में 11 लोगों की जान गई है। इनमें तीन बच्चे भी हैं। उत्तराखंड में सभी नदियों का स्तर खतरे के निशान के करीब है। उत्तराखंड के देहरादून जिले के प्रेमनगर में दो गाड़ियां बहने से तीन लोगों की जान गई। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले के वडडूडा गांव में भूस्खलन से महिला और उसके दो बच्चों की मौत हुई। अल्मोड़ा के ही धार की तूनी इलाके में भूस्खलन से दो लोगों ने जान गंवाई है। वहीं, भीमताल बाईपास पर चार साल की बच्ची नाले में बह गई। कोटद्वार में भी हादसा हुआ। इसमें महिला औऱ उसकी बेटी बह गईं।
एक और पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर में भी बड़ा हादसा होने से बचा। जम्मू-कश्मीर के राजौरी के जमौला नदी का स्तर बढ़ने से 10 लोग फंस गए। इनमें छह बच्चे थे। इन सभी को पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने बाहर निकाल लिया। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में भारी बारिश से कई नाले उफनाए हैं। इससे मंगलवार को मेंढर को जोड़ने वाली सड़क पर काफी देर तक आवागमन बंद हो गया। अब अगले एक हफ्ते भारी बारिश जारी रही, तो जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों के साथ ही मैदानी इलाकों में भी हालात खराब हो सकते हैं। हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बारिश के बावजूद इस साल औसत कम रहने वाला है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक इस साल सितंबर का महीना भी काफी गर्म रहेगा।
