बीजेपी में शामिल होने के बाद रोहन गुप्ता ने सनातन धर्म को लेकर कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के कई बड़े नेता खेमा बदल रहे हैं। इसी क्रम में आज कांग्रेस आईटी सेल के पूर्व प्रमुख रोहन गुप्ता ने बीजेपी ज्वाइन कर ली। रोहन के साथ ही जम्मू-कश्मीर के कांग्रेस नेता जहानजैब सिरवाल, पंजाब की पूर्व आईएएस प्रेम पाल कौर और उनके पति गुरदीप सिंह मालूका भी भाजपा में शामिल हो गए। दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने सभी को पार्टी की सदस्यता दिलाई।
बीजेपी में शामिल होने के बाद रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर सनातन धर्म के अपमान समेत देश विरोधी लोगों से सांठ-गांठ समेत कई गंभीर आरोप लगाए। इतना ही नहीं शराब घोटाले में गिरफ्तार दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ कांग्रेस के गठबंधन को लेकर भी उन्होंने निशाना साधा। बीजेपी में शामिल होने के बाद रोहन गुप्ता ने कहा कि आखिर आप किसी के प्रति कितने विरोधाभासी हो सकते हैं? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एक संचार प्रभारी हैं जिनके नाम में ‘राम’ है, उन्होंने सनातन धर्म का जब अपमान हो रहा था तब हमें चुप रहने को कहा। हमसे कहा गया कि इस विषय पर टिप्पणी नहीं करनी है।
रोहन ने इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के नाम का उपयोग करके एक गठबंधन बनाया गया और देश विरोधी ताकतों को इसमें शामिल किया गया। जिस केजरीवाल को कांग्रेस पार्टी ने खालिस्तान से जुड़े होने के आक्षेप किए आज उसी केजरीवाल का समर्थन करते हुए उनकी गिरफ्तारी का आप विरोध कर रहे हैं। आखिर कांग्रेस की ऐसी क्या मजबूरी है। जिस ईवीएम के कारण आप दो चुनाव जीते आज आप उसी ईवीएम पर सवालिया निशान उठा रहे हैं। आखिर कोई इतना विरोधाभासी कैसे हो सकता है। रोहन ने कहा कि हर चीज में विरोधाभास ठीक नहीं है। अगर आपको देश के सामने जाना है तो आपका नैरेटिव क्लियर होना चाहिए।
