बेंगलुरू

बेंगलुरु के पांच सितारा होटल के स्विमिंग पूल में करंट से दो विदेशी नागरिकों की मौत

शेयर करें:

नई दिल्ली। बेंगलुरु के एक पांच सितारा होटल में एक अप्रत्याशित घटना हुई है। होटल के स्विमिंग पूल में करंट लगने से दो विदेशी नागरिकों की मौत हो गई है। मृतकों में एक जर्मनी और दूसरा स्लोवाकिया का नागरिक था। ये दोनों लोग होटल में रुके हुए थे। वहीं इन दोनों विदेशी नागरिकों को बचाने में एक अमेरिकी नागरिक और होटल का एक कर्मचारी करंट लगने से घायल हो गया है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मृतक जर्मनी के नागरिक की पहचान 57 साल के अलेक्जेंडर मैक्सिमिलियन थीस के रूप में हुई है। वो लुफ्थांसा एयरलाइंस में बतौर क्रू मेंबर कार्यरत थे। जबकि स्लोवाकियाई नागरिक का नाम जुराज होर्वाट था जिनकी उम्र लगभग 45 साल थी। वो आईबीएम में प्रोजेक्ट मैनेजर थे। वहीं इनको बचाने में घायल हुए अमेरिकी नागरिक का नाम मैथ्यू डेसैंटिस उम्र 41 साल और पूल अटेंडेंट राहुल तिवारी उम्र 28 साल है। जानकारी के मुताबिक तीनों ही विदेशी नागरिक कॉनराड हिल्टन ग्रुप के लग्जरी फाइव-स्टार होटल में ठहरे थे। शुक्रवार शाम जर्मनी और स्लोवाकिया के दोनों नागरिक होटल की तीसरी मंजिल पर बने स्विमिंग पूल में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान स्विमिंग पूल में उनको करंट लगा।

उस वक्त वहां पर अमेरिकी नागरिक मैथ्यू और पूल अटेंडेंट राहुल मौजूद थे। ये दोनों लोग उनको बचाने के लिए और खुद भी घायल हो गए। हालांकि दोनों घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि स्विमिंग पूल में करंट कैसे आया? फिलहाल स्विमिंग पूल को बंद कर दिया गया है और होटल स्टाफ के लोगों से पूछताछ की जा रही है। होटल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस चेक कर रही है। इस घटना के बाद से होटल प्रबंधन पर सुरक्षा से जुड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें