April 26, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बेंगलुरु के पीजी में बिहार की युवती की हत्या करने वाला मध्यप्रदेश से गिरफ्तार, मृतक की सहकर्मी का प्रेमी है आरोपी अभिषेक

बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में बिहार की 24 साल की कृति कुमारी की हत्या करने वाले को मध्यप्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का नाम अभिषेक है। उसने 23 जुलाई की रात बेंगलुरु के पीजी में रहने वाली कृति की गला रेतकर हत्या कर दी थी। मौके से अभिषेक फरार हो गया था, लेकिन ये जघन्य वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई थी।

पुलिस के अनुसार कृति कुमारी आरोपी अभिषेक की प्रेमिका की सहकर्मी थी। कृति कुमारी बेंगलुरु में एक निजी कंपनी में काम करती थी। बेंगलुरु के वीआर लेआउट स्थित भार्गवी स्टेइंग होम फॉर लेडीज नाम के पीजी में वो रहती थी। अभिषेक बीते मंगलवार की रात पीजी गया और तीसरी मंजिल पर रहने वाली कृति पर हमला कर उसकी जान ले ली। अब बेंगलुरु पुलिस मध्यप्रदेश से उसे लाकर पूछताछ करने जा रही है। इस घटना का जो सीसीटीवी फुटेज आया था, उसमें दिख रहा है कि किस तरह कृति पर हमला किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा है कि हमले के बाद कृति कुमारी जमीन पर बैठ गई और मदद के लिए गुहार लगाने लगी। सीसीटीवी में ये भी दिखा कि पीजी में रहने वाली अन्य युवतियां उसकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहीं।

अभिषेक इस पीजी में एक बैग लेकर आया था। उसने कृति कुमारी को बालों से पकड़कर खींचा और चाकू से उस पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसने कृति का गला रेता और फिर मौके से फरार हो गया। बेंगलुरु पुलिस ने घटना के लिए पीजी चलाने वालों को भी जिम्मेदार माना है। इस घटना में पीजी संचालकों की बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। ऐसे में पुलिस इस पीजी पर भी सख्त कार्रवाई कर सकती है। आरोपी अभिषेक से पूछताछ के बाद ही पता चलेगा कि हत्या की वजह क्या रही। फिलहाल इस बारे में और जानकारी सामने आना बाकी है।