नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पुणे जिले के पिंपरी-चिंचवड़ में एक दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। यहां 33 साल की एक महिला ने अपने 6 साल के बेटे को लेकर अपार्टमेंट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। महिला और उसके बेटे दोनों की मौत हो गई है। महिला का नाम एकता बांगड़ बताया जा रहा है। सुसाइड से पहले महिला ने 7-8 पन्ने का एक नोट छोड़ा है जिसमें उसने अपने पति के लिए लिखा है कि मेरे बाद दूसरी शादी कर लेना। बताया जा रहा है कि महिला काफी लंबे समय से रीढ़ की बीमारी से परेशान थी।
महिला के पति का नाम मनोज बांगडट है जो पुणे में एक आईटी कंपनी में बतौर इंजीनियर कार्यरत हैं। महिला ने अपनी बीमारी का जिक्र भी सुसाइड नोट में किया है। महिला ने अपने पति के लिए लिखा है कि मेरे जाने के बाद नए सिरे से अपनी जिंदगी शुरू करना। बेटे को साथ लेकर कूदने की वहज भी नोट में लिखी है। महिला ने लिखा कि मेरे जाने के बाद बेटा मुझे याद कर पिता से बार-बार सवाल करेगा जिससे बेटे और उसके पति दोनों परेशान होंगे। वहीं बेटे के होने से पति को दूसरी शादी में दिक्कत आएगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला तथा उसके बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस घटना के संबंध में परिजनों से जानकारी जुटा रही है। वहीं बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। उधर, इस दर्दनाक घटना के बाद से सोसाइटी में रहने वाले लोग बहुत दुखी और स्तब्ध हैं। सुसाइड नोट में महिला ने जो बातें लिखी हैं उससे यह अंदाजा जा रहा है कि बीमारी के चलते संभवत: डिप्रेशन में आकर उसने इतना बड़ा कदम उठाया। वहीं पत्नी और बेटे की मौत से मनोज काफी परेशान हैं।
