नई दिल्ली। अर्णब नाम के चक्रवात से देश के तमाम हिस्सों में मौसम ने पलटी खाई है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का भी उत्तर भारत पर असर है। अब मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम की वजह से देश के 13 राज्यों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में बारिश के साथ ही गरज-चमक के साथ 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और उत्तराखंड में ओलावृष्टि भी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिणी अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र है। ये पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़रहा है। इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना है। डिप्रेशन में बदलकर ये सिस्टम आंध्र प्रदेश के तट की तरफ बढ़ेगा और राज्य के तटीय इलाकों में 2 और 3 नवंबर को बहुत भारी बारिश करा सकता है। मौसम विभाग ने 1 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तमिलनाडु, पुदुचेरी, केरल और अंडमान निकोबार में हल्की से भारी बारिश और 60 से 80 किलोमीटर की रफ्तार वाली हवाएं चलने का अनुमान लगाया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 2 नवंबर को तेलंगाना, रायलसीमा, केरल, कर्नाटक, ओडिशा और मध्य प्रदेश में बारिश होगी। वहीं, आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों और यनम में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके अगले दिन यानी 3 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश के साथ रायलसीमा, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और कर्नाटक में बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने बताया है कि 4 नवंबर को ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होगी। वहीं, 5 नवंबर को तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप, कर्नाटक के समुद्र तटीय इलाकों, ओडिशा, बिहार और झारखंड में कुछ जगह हल्की बारिश होने की संभावना है। इस बारिश और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड और बढ़ने का अनुमान है। हालांकि, मौसम विभाग ने पहले कहा था कि अल-नीनो के कारण इस साल कम ठंड पड़ेगी।
