यूपी के आउससोर्स कर्मचारियों को योगी ने दी सौगात, वेतन के साथ मिलेंगी तमाम अन्य सुविधाएं, जॉब भी रहेगी सिक्योर
नई दिल्ली। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) के पोर्टल और लोगो को लॉन्च किया और कर्मचारियों के हित में कई बड़ी घोषणाएं की। योगी ने कहा, आउससोर्स कर्मचारी की सैलरी महीने के पांच तारीख तक उसके बैंक खाते में पहुंच जाएगी। ईपीएफ और ईएसआई का अंशदान भी नियमित रूप से जमा होगी। आउटसोर्स कंपनी कर्मचारियों का पैसा नहीं काट सकेगी, सर्विस चार्ज देगी। ईपीएफ का पैसा भी कटेगा और वो कर्मचारी के नाम पर सुनिश्चित होगा। कोई आउटसोर्स कंपनी कर्मचारी को निकाल नहीं सकेगी उससे पहले उसे सरकार को सूचित करना पड़ेगा। सरकार जांच करेगी और अगर रिपोर्ट गलत है तो कर्मचारी का कोई अनावश्यक शोषण नहीं कर सकता।
योगी ने कहा कि ईएसआई का पैसा ईएसआई अस्पताल में फ्री उपचार के लिए देंगे लेकिन अगर वहां उपचार नहीं मिला तो कर्मचारियों को आयुष्मान की कैश लेस इलाज सुविधा से जोड़ देंगे ताकि जिस अस्पताल में जाना हो वहां जाकर आउससोर्स कर्मचारी अपना उपचार करा सकें। योगी ने कहा कि मातृत्व अवकाश सहित सभी वैधानिक सेवा लाभ की उपलब्धता भी आउटसोर्स सेवा निगम के माध्यम से हम सुनिश्चित करेंगे। निगम का एसबीआई के साथ जो एमओयू हुआ है उसकी शर्तों के अनुसार, अगर कोई कर्मचारी किसी दुर्घटना का शिकार होता है तो 20 से 50 लाख रुपए तक दुर्घटना बीमा कवर उसके परिवार को उपलब्ध कराया जाएगा।
अगर कोई आउससोर्स कर्मचारी अग्निकांड का शिकार होता है तो आउससोर्स निगम बैंक की सहायता से 10 लाख रुपए की सहायता उपलब्ध कराएगा। आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख रुपए और एयर एंबुलेंस की व्यवस्था के लिए 10 लाख की सहायता। पुत्र की शिक्षा के लिए 8 लाख तक और पुत्री की शिक्षा के लिए 10 लाख तक तथा दो पुत्रियों के विवाह के लिए 8-10 लाख रुपए तक की सहायता मिलेगी। दुर्भाग्य से किसी कर्मचारी की मृत्यु हो गई तो आउटसोर्स निगम बैंक के माध्यम से तत्काल 50 हजार रुपए की देगा। योगी ने कहा कि सरकार और कर्मचारी का रिश्ता केवल वेतन और कार्य का नहीं होता, वह एक विश्वास, एक जिम्मेदारी का होता है।
