सहारनपुर में पीएनबी के करेंसी चेस्ट से 17 करोड़ के नकली नोट बरामद!, मैनेजरों व हाउस कीपिंग स्टाफ समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
सहारनपुर। नकली नोट मिलने का सिलसिला थमा नहीं है। इस बार तो मामला बैंक के करेंसी चेट्स में ही नकली नोट मिलने का है। सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की सोफिया मार्केट ब्रांच के करेंसी चेस्ट में ऑडिट के दौरान 17 करोड़ रुपए के जाली नोट मिले। इस मामले में तीन मैनेजरों को सस्पेंड किया गया है। सहारनपुर के एसएसपी अभिनंदन का कहना है कि पीएनबी के तीनों मैनेजर और पार्ट टाइम हाउस कीपिंग करने वाले के खिलाफ केस दर्ज हुआ है।
दैनिक जागरण अखबार की खबर मुताबिक पीएनबी की सोफिया मार्केट ब्रांच में पार्ट टाइम हाउस कीपिंग का काम करने वाले विशाल कुमार को कुछ दिन पहले करेंसी चेस्ट में कटे-गले नोटों की गड्डियां लगाने की जिम्मेदारी दी गई। फिर पीएनबी की ब्रांच से 11.5 करोड़ रुपए जयपुर में आरबीआई भेजे गए। वहां गिनती हुई, तो 430900 रुपए कम मिले। इसकी जानकारी पीएनबी मेरठ के जोनल हेड अजय कुमार टिबरेवाल को दी गई। इस पर चीफ मैनेजर अरुण कुमार चौबे को जांच के लिए सहारनपुर भेजा गया। जांच में सीसीटीवी देखा गया, तो पता चला कि विशाल ने गड्डियों से नोट निकाले। इसके बाद ऑडिट में पता चला कि नकली करेंसी चेस्ट में रखी है।
जांच टीम ने जब पीएनबी के करेंसी चेस्ट में गड्डियों की जांच की, तो पाया कि गड्डियों में एक असली नोट ऊपर और दूसरा असली नोट नीचे लगा था। पुलिस को दी शिकायत में चीफ मैनेजर अरुण कुमार चौबे ने बताया है कि 17 करोड़ के नकली नोट मिले हैं। उन्होंने वरिष्ठ जोनल मैनेजर रवि कुमार कांसे, करेंसी चेस्ट के मैनेजर सुशील कुमार और पीएनबी की ब्रांच से हरियाणा के जगाधरी गए करेंसी चेस्ट मैनेजर अमित कुमार से पूछा। सही जवाब न मिलने पर तीनों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। करेंसी चेस्ट में रखी रकम का ऑडिट अभी जारी है। जांच खत्म होने पर पता चलेगा कि करेंसी चेस्ट में और नकली नोट तो नहीं।
