जीडीपी के बाद जीएसटी कलेक्शन ने भी सरकार को खुशखबरी दी, अगस्त में 1.99 लाख करोड़ खजाने में आए
नई दिल्ली। एक तरफ इस साल की पहली तिमाही में जीडीपी दुनियाभर के तमाम देशों से ज्यादा 7.8 फीसदी रही है। वहीं, सरकार को टैक्स के मामले में भी अगस्त 2026 ने खुशखबरी दी है। अगस्त में ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1.99 लाख करोड़ रुपए हो गया। जीएसटी में सालाना आधार पर 14.8 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज हुई है। हालांकि, जीएसटी कलेक्शन जुलाई के मुकाबले कम हुआ है। आंकड़ों के मुताबिक अगस्त 2025 में 1.74 लाख करोड़ जीएसटी कलेक्शन हुआ था। जबकि, इस साल जुलाई में जीएसटी के जरिए सरकार को 2.11 लाख करोड़ रुपए मिले थे।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक अगस्त में आयात की ग्रॉस जीएसटी 29 फीसदी बढ़कर 62604 करोड़ रुपए हो गया। अगस्त 2025 में ये 48546 करोड़ रुपए था। इस साल अगस्त में घरेलू ग्रॉस जीएसटी 1.37 लाख करोड़ हुआ। पिछले साल अगस्त में ये 1.25 लाख करोड़ रुपए था। सीजीएसटी से सरकार को 38413 करोड़ रुपए मिले। जबकि, एसजीएसटी से 46316 करोड़ और आईजीएसटी से 52520 करोड़ रुपए मिले। इस साल अप्रैल से अगस्त तक ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन भी 11 फीसदी बढ़ा। अप्रैल से अगस्त तक ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1042757 करोड़ रुपए हो गया।
सरकार ने बताया है कि अगस्त में 31795 करोड़ का जीएसटी रिफंड भी कारोबारियों को किया गया। पिछले साल अगस्त में जीएसटी रिफंड 18935 करोड़ था। यानी रिफंड 69.9 फीसदी ज्यादा रहा। महाराष्ट्र, कर्नाटक, गुजरात, तमिलनाडु और यूपी जीएसटी कलेक्शन में सबसे आगे रहते हैं। जीएसटी काउंसिल की बैठक 12 सिंतबर को होनी है। जीएसटी काउंसिल की ये बैठक दिल्ली में होगी। इससे पहले जीएसटी कलेक्शन पर उत्साह बढ़ाने वाली खबर से सभी राज्यों को भी खुशी मिलेगी। बता दें कि जीएसटी में से राज्यों को भी हिस्सा दिया जाता है। जबकि, राज्य सरकारें पेट्रोलियम उत्पादों पर अलग-अलग वैट लगाकर भी कमाई करते हैं। जीएसटी को 1 जुलाई 2017 से लागू किया गया था। जिसके बाद पेट्रोलियम पदार्थों के अलावा बाकी चीजों के दाम पूरे देश में एक जैसे रहते हैं।
