चीनी की एक्स मिल कीमत घटकर 55 रुपए हुई, खुदरा बाजार में भी जल्द भाव गिरेगा
नई दिल्ली। स्टॉक की समयसीमा तय करने, आयात और रिफाइनिंग संबंधी केंद्र सरकार के कदमों से चीनी की कीमत घटने की ओर है। केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा के मुताबिक चीनी की एक्स मिल कीमत में 18 फीसदी गिरावट आई है। चीनी की एक्स मिल कीमत अब 55 रुपए हो गई है। खाद्य सचिव ने दावा किया कि आने वाले दिनों में चीनी की एक्स मिल कीमत और कम होगी। चीनी की एक्स मिल कीमत कम होने का असर अभी खुदरा बाजार में नहीं दिखा है। इसमें अभी एक-दो दिन लग सकते हैं।
खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने बताया कि मिलों की तरफ से चीनी की कीमत बढ़ाई गई थी। उन्होंने कहा कि चीनी की कीमत में उछाल बुनियादी वजहों से नहीं आया और देश में चीनी का पर्याप्त भंडार है। चीनी की घरेलू मांग 285 लाख टन है। वहीं, 2025 के अक्टूबर से सितंबर 2026 तक चीनी का उत्पादन 343 लाख टन के अनुमान से घटकर 306 लाख टन रह गया है। चीनी के भाव की बात करें, तो उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के हिसाब से 24 अगस्त को चीनी की थोक कीमत 58.29 रुपए था। खुदरा बाजार में मंगलवार को चीनी की कीमत 63.05 रुपए किलो थी। पिछले हफ्ते चीनी की एक्स मिल कीमत 67 रुपए प्रति किलो हो गई थी। जिसकी वजह से खुदरा बाजार में चीनी के भाव 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंचे थे।
चीनी के भाव लगातार बढ़ते देख केंद्र सरकार ने पहले इसके स्टॉक पर नियम बनाया था। इसके तहत हर महीने 10 लाख टन चीनी खपत करने वालों के लिए सिर्फ 15 दिन का स्टॉक रखना जरूरी किया गया था। इसके बाद केंद्र ने तत्काल कदम उठाते हुए बिना शुल्क 10 लाख टन कच्ची चीनी का आयात करने का फैसला किया। इसके अलावा कच्ची चीनी को दो महीने में ही रिफाइन कर बेचने का आदेश भी जारी किया गया। इसके बाद ही चीनी की एक्स मिल कीमतों में गिरावट आई। केंद्र सरकार ने पहले बताया था कि चीनी की बढ़ती कीमत एथेनॉल निर्माण की वजह से नहीं। बारिश और मौसम के कारण गन्ने की कम खेती ही चीनी की कीमत बढ़ने की वजह है।
