September 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पीएम मोदी ने एक बार फिर सोना न खरीदने और विदेश न जाने की देशवासियों से अपील की

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने इस साल की पहली तिमाही में जीडीपी के 7.8 फीसदी रहने पर खुशी जताई है। साथ ही पीएम मोदी ने स्वदेशी का मंत्र देते हुए देशवासियों से एक बार फिर अपील की कि वे सोना न खरीदें और विदेश की जगह देश में शादी समारोह करें और विदेश यात्रा पर न जाएं। पीएम मोदी ने कहा कि तमाम वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है।

पीएम मोदी ने देश की विकास दर के दमदार आंकड़े बताते हुए कहा कि इससे देश खुशियों से भर गया है। उन्होंने कहा कि देश ने 7.8 फीसदी की विकास दर हासिल की है। आगे भी हमें इस रफ्तार को बरकरार रखना है। पीएम मोदी ने देश के विकास पर सवाल उठाने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भारत के भीतर ही निराशा में डूबे लोग चारों तरफ निराशा फैलाने में ही लगे हैं। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि शादी के लिए विदेश जाते हैं, तो नहीं जाना चाहिए। घूमने के लिए भी विदेश जाने से बचने की उन्होंने अपील की। साथ ही कहा कि जरूरत न हो, तो सोना भी नहीं खरीदना चाहिए। पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भरता के जरिए 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार करेंगे। इसके लिए संकल्प लेना होगा।

पीएम मोदी ने इससे पहले 10 मई 2026 को हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से अपील की थी कि वे घूमने या शादी समारोह करने के लिए एक साल तक विदेश न जाएं। उन्होंने एक साल तक सोना भी न खरीदने की अपील की थी। पीएम मोदी की अपील के बाद सोने की खरीदारी में गिरावट आई थी, लेकिन अगस्त में फिर सोने की खरीदारी बढ़ी। सोना आयात में काफी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। साथ ही विदेश घूमने या शादी समारोह करने में भी काफी विदेशी मुद्रा खर्च होती है। फिलहाल दुनियाभर में युद्धों के कारण अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल है। ऐसे में भारत की आर्थिक स्थिति को मजबूत रखने के लिए सोना खरीदने और विदेश जाने से बचने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *