बिश्केक में पीएम मोदी से गर्मजोशी से मिले पुतिन और जिनपिंग, पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ की फजीहत
बिश्केक। किर्गिस्तान के बिश्केक में एससीओ की शिखर बैठक के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच काफी गर्मजोशी दिखाई दी। दोनों के बीच बातचीत हुई और उन्होंने हाथ भी मिलाए। वहीं, पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ को नेता भाव तक नहीं दे रहे थे। शहबाज शरीफ एससीओ नेताओं की ग्रुप फोटो में हाथ बांधे खड़े दिखाई दिए और बाद में चलकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन से मिले।
वीडियो में दिखाई देता है कि एससीओ देशों के नेता ग्रुप फोटो के लिए साथ खड़े हुए। फोटो खींचे जाने के बाद बाहर जाते वक्त पीएम मोदी की शी जिनपिंग से बातचीत हुई। ग्रुप फोटो के वक्त पीएम मोदी के बाईं ओर जिनपिंग तीसरे स्थान पर थे। इससे पहले एक और वीडियो आया, जब हॉल में आते वक्त पीएम मोदी और शी जिनपिंग ने हाथ मिलाए। पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच भी गर्मजोशी दिखी। पुतिन ने भी पीएम मोदी से हाथ मिलाया। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने भी पीएम मोदी से हाथ मिलाया और बातचीत की। इस दौरान शहबाज शरीफ पुतिन के पास जाकर खड़े हुए, लेकिन रूस के राष्ट्रपति ने उनकी तरफ न देखा और न हाथ मिलाया।
किसी भी नेता ने शहबाज शरीफ से बात तक नहीं की। पुतिन जब ग्रुप फोटो के बाद मंच से उतरे और बाहर जाने लगे, तो फिर शहबाज की तरफ नहीं देखा। इसके बाद शहबाज शरीफ पीछे से आए और पुतिन का हाथ थामा। इसके बाद पुतिन ने मुड़कर पाकिस्तान के पीएम को देखा और कुछ देर उनसे बात की। ये पहली बार नहीं है, जब शहबाज शरीफ की किसी अंतरराष्ट्रीय मंच पर किरकिरी हुई है। एक बार पुतिन ने मॉस्को पहुंचे पाकिस्तान के पीएम को लंबा इंतजार भी कराया था। वहीं, पूरी दुनिया ये देखती रही है कि पीएम मोदी से पुतिन और बाकी देशों के नेता किस तरह गर्मजोशी से मुलाकात करते हैं। देखिए शहबाज शरीफ और पुतिन का वीडियो।
