इमरान खान को जेल में मारने की कोशिश में है शहबाज सरकार, पूर्व पाक पीएम के बेटों ने लगाया आरोप
नई दिल्ली। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटों कासिम खान और सुलेमान खान ने शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली अपने देश की सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कासिम और सुलेमान ने कहा कि पाकिस्तानी हुकूमत हमारे पिता इमरान खान को जेल में जान से मारने की कोशिश कर रही है। इमरान खान के बेटों ने जेल में बंद अपने पिता की सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि हमारे पिता के साथ शहबाज शरीफ सरकार का जो रवैया है जो ठीक नहीं है। उधर, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) का भी कहना है कि पूर्व पीएम के खिलाफ की जा रही कानूनी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध है।
आपको बता दें कि अभी हाल ही में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराने का निर्देश पाकिस्तान सरकार को दिया था। जिसके बाद इमरान खान को 20 अगस्त देर रात रावलपिंडी की अदियाला जेल से इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया था। हालांकि कुछ ही घंटों के बाद पूर्व पाक पीएम को फिर से अदियाला जेल में उनकी बैरक में शिफ्ट कर दिया गया। बताया गया कि डॉक्टरों ने इमरान खान की जांच के बाद उनको जेल में रखने की परमीशन दे दी इस वजह से उनको वापस शिफ्ट कर दिया गया।
इस घटनाक्रम के बाद दुनियाभर के क्रिकेटर आगे आए। सुनील गावस्कर, कपिल देव, दिलीप वेंगसरकर, ऑस्ट्रेलिया के 8, इंग्लैंड के 6, वेस्टइंडीज-श्रीलंका के 1-1 और न्यूजीलैंड के 2 पूर्व क्रिकेट कप्तानों ने पाक पीएम शाहबाज शरीफ सरकार को पत्र लिखकर पाकिस्तान की वर्ल्ड कप विजेता कप्तान इमरान खान को सही मेडिकल उपलब्ध कराए जाने की मांग की है। बता दें कि इमरान खान 2023 से जेल में बंद हैं। तोशाखाना मामले में दिसंबर 2025 में विशेष अदालत ने उनको 17 साल की कैद की सजा सुनाई थी।
