August 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नेशनल लॉ स्कूल ने रद्द कर दिया दीक्षांत समारोह, 12 सितबंर को होना था कार्यक्रम

नई दिल्ली। बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) ने अपना दीक्षांत समारोह रद्द कर दिया है। 12 सितबंर को कार्यक्रम का आयोजन होना था जिसमें सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत और बार काउंसिल ऑफ इंडिया के अध्यक्ष मनन कुमार मिश्रा को बतौर गेस्ट आमंत्रित करने का प्रस्ताव था। यूनिवर्सिटी के छात्रों ने सीजेआई और और बीसीआई चेयरमैन के नाम को लेकर आपत्ति जताई थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से संस्थान ने अपने 34वां वार्षिक दीक्षांत समारोह को कैंसिल करने का फैसला लिया।

इस बाबत यूनिवर्सिटी की ओर से जारी नोटिस में यह कहा गया है कि तमाम कोशिशों के बावजूद अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण विश्वविद्यालय दीक्षांत समारोह आयोजित करने में सक्षम नहीं है। गवर्निंग बॉडी से औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद ग्रेजुएशन की डिग्री पूरी करने वाले सभी छात्रों को बिना समारोह के डिग्री प्रदान की जाएगी। छात्रों को उनकी डिग्री और प्रमाणपत्र डाक, कूरियर के जरिए मंगाने अन्यथा कैंपस में आकर व्यक्तिगत तौर पर डिग्री प्राप्त करने का विकल्प दिया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रबंधन के द्वारा छात्रों के लिए एक फॉर्म जारी किया जाएगा। आपको बता दें कि इससे पहले हैदराबाद की NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ लॉ के दीक्षांत समारोह में सीजेआई सूर्यकांत को बतौर मुख्य अतिथि निमंत्रण भेजे जाने का छात्रों ने विरोध किया था।

छात्रों के विरोध के बाद बीसीआई चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा की ओर से एक सभी राज्यों की बार काउंसिलों को सर्कुलर जारी कर यह निर्देश दिया गया था कि NALSAR यूनिवर्सिटी से पास आउट होने वाले छात्रों का वकील के रूप में एनरोलमेंट न किया जाए। हालांकि कुछ ही घंटों में उन्होंने अपने इस सर्कुलर को वापस ले लिया था। इसके बाद से छात्र मनन मिश्रा के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। जबकि इस मामले में सीजेआई ने भी कहा था कि यह छात्रों और मेरे बीच की बात है। BCI का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *