दिशा सालियान मौत मामले की होगी CBI जांच, बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिया आदेश
नई दिल्ली। बॉम्बे हाईकोर्ट ने दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत मामले की सीबीआई जांच का आदेश दिया है। अदालत ने यह भी कहा है कि इस मामले में दिशा के पिता सतीश सालियन का बयान दर्ज किया जाए। इससे पहले कोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। दिशा सालियान के पिता ने याचिका दायर कर नए सिरे से एफआईआर दर्ज करने और सीबीआई जांच की मांग की थी। सतीश सालियान का आरोप है कि उनकी बेटी का गैंगरेप कर उसकी हत्या की गई है।
दिशा के पिता ने शिवसेना यूबीटी के विधायक आदित्य ठाकरे और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज किए जाने की मांग की थी। सतीश सालियान ने अपने वकील नीलेश ओझा के माध्यम से पिछले साल मार्च में मुंबई सीपी ऑफिस में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई थी जिसमें आदित्य ठाकरे, बॉलीवुड अभिनेता डीनो मारियो, सूरज पंचोली, अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती, परमबीर सिंह और सचिन वाझे के नाम एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। वकील नीलेश ओझा ने बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि एनसीबी के जांच पत्र से साबित होता है कि आदित्य ठाकरे ड्रग कारोबार में शामिल थे और उस विवरण का उल्लेख इस लिखित शिकायत में किया गया है।
वकील ने यह भी कहा था कि परमबीर इस केस को कवरअप करने का मुख्य मास्टर माइंड है, उसने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की और आदित्य ठाकरे को बचाने का प्रयास किया। आपको बता दें कि जून 2020 में मलाड की एक बिल्डिंग के 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। दिशा की मौत के 6 दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत भी अपने घर में मृत पाए गए थे। चूंकि दिशा सुशांत की मैनेजर थीं इसलिए इन दोनों केसों को जोड़कर देखा जा रहा है। दिशा की मौत को पुलिस ने आत्महत्या का मामला मानते हुए एफआईआर दर्ज की थी मगर उनके पिता सतीश ने दुष्कर्म और हत्या का आरोप लगाया।
