ममता बनर्जी के भतीजे पर एक और एक्शन, अभिषेक बनर्जी के दफ्तर वाली अवैध बिल्डिंग पर बुलडोजर चल रहा
कोलकाता। ममता बनर्जी और उनके सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ पश्चिम बंगाल की शुभेंदु अधिकारी सरकार का एक्शन जारी है। ताजा कार्रवाई में शनिवार को दक्षिण 24 परगना में अभिषेक बनर्जी के दफ्तर को बुलडोजर से गिराने की कार्रवाई शुरू की गई। अभिषेक बनर्जी का ये पांच मंजिला दफ्तर आमतला-बारुईपुर रोड पर है। तीन बुलडोजर लगाकर इस अवैध बिल्डिंग को ध्वस्त करने का काम किया जा रहा है।
प्रशासन के मुताबिक ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को अवैध बिल्डिंग बनाने के मामले में पहले भी नोटिस दिया गया था, लेकिन टीएमसी सांसद ने इस नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद प्रशासन ने बिल्डिंग को गिराने का आदेश जारी किया। जिसके बाद शनिवार की सुबह यहां बड़ी तादाद में फोर्स की मौजूदगी में बुलडोजर एक्शन शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक अवैध दफ्तर वाली बिल्डिंग गिराए जाने पर अभिषेक बनर्जी की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई थी। शुभेंदु अधिकारी सरकार ने पश्चिम बंगाल में सत्ता संभालने के बाद से ही अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। इसकी जद में अब अभिषेक बनर्जी के दफ्तर की बिल्डिंग भी आ गई।
पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनने के बाद से अभिषेक बनर्जी पर कई केस भी दर्ज हो चुके हैं। नेता विपक्ष के प्रस्ताव पर विधायकों के फर्जी दस्तखत के मामले में अभिषेक बनर्जी के खिलाफ सीआईडी जांच चल रही है। वहीं, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान कथित तौर पर धमकी देने का केस भी अभिषेक बनर्जी पर दर्ज हुआ है। इसकी जांच भी पश्चिम बंगाल सीआईडी ही कर रही है। अभिषेक बनर्जी दोनों मामलों में कलकत्ता हाईकोर्ट गए थे। जहां से उनकी गिरफ्तारी पर रोक तो लगी, लेकिन अदालत ने साफ कह दिया कि केस की जांच चलती रहेगी। वहीं, उनकी बुआ ममता बनर्जी पर भी उकसाने वाला भाषण देने का केस दर्ज है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के तमाम नेता और कार्यकर्ता भी अलग-अलग मामलों में जेल भेजे जा चुके हैं।
