ईरान पर अमेरिका के हमले जारी, पलटवार कर इस्लामी देश बोला- इलाके के किसी देश की सीमा सुरक्षित नहीं रहेगी
तेहरान। अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य टकराव जारी है। अमेरिका ने शुक्रवार रात को भी ईरान में कई जगह बमबारी की। अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड ने कहा है कि ईरान की सेना को कमजोर करने के लिए ये कार्रवाई की गई। ईरान ने बताया है कि अमेरिका ने यज्द शहर और होर्मोजगान प्रांत में हमला किया। जिसमें 3 लोगों की जान गई और 8 घायल हुए। ईरान ने अमेरिका के हमलों के जवाब में बहरीन, इराक और सऊदी अरब में सैन्य ठिकानों पर पलटवार किया।
ईरान ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका के हमले न रुके, तो वो हमलों को और विस्तार देगा और इलाके के किसी देश की सीमा सुरक्षित नहीं रहेगी। ईरान ने कहा है कि वो इलाके के समुद्र को दुश्मन के लिए नरक बना देगा। उधर, ये खबर भी आई है कि होर्मुज से गुजर रहे दो तेल टैंकर जहाज समुद्र में बिछाई बारूदी सुरंग से टकराए। इससे उनमें धमाका हुआ। ईरान की आईआरजीसी के मुताबिक उन्होंने चार जहाजों को गुजरने से रोका था। जबकि, अमेरिका के कहने पर बारूदी सुरंगों वाले रास्ते से दो जहाज निकल रहे थे। इन दोनों जहाजों में भयानक आग लग गई। ईरान ने पहले ही होर्मुज को पूरी तरह बंद करने का एलान कर रखा है।
अमेरिका और ईरान के बीच 28 फरवरी से 39 दिन तक युद्ध चला था। दोनों पक्षों ने ही एक-दूसरे को इस दौरान बहुत नुकसान पहुंचाया। उसके बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 8 अप्रैल को सीजफायर की घोषणा की थी। बीते दिनों होर्मुज से गुजर रहे कई जहाजों पर ईरान ने हमला किया। जिसके बाद ट्रंप ने सीजफायर रद्द कर ईरान पर फिर बमबारी शुरू कराई। ईरान भी अमेरिका की बमबारी के जवाब में उसके विमान, एमक्यू9 रीपर ड्रोन और रडार वगैरा ध्वस्त करने का दावा कर चुका है। अब उसने युद्ध को बड़े पैमाने पर फैलाने की धमकी दी है। वहीं, होर्मुज के रास्ते कच्चा तेल आना बंद हो गया है। जिससे दुनिया में ऊर्जा का बड़ा संकट पैदा हो सकता है।
