April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

डोनाल्ड ट्रंप का एक और बड़ा फैसला, महिला वर्ग के खेलों में ट्रांसजेंडर एथलीट्स को किया बैन

नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक और बड़ा फैसला किया है। उन्होंने महिला वर्ग के खेलों में ट्रांसजेंडर एथलीटों पर प्रतिबंध लगा दिया है। ट्रंप की ओर से कहा गया है कि महिला खेलों में सिर्फ महिलाएं ही प्रतिभाग कर सकेंगी। हम किसी भी ऐसे शख्स को जो जन्म से महिला नहीं है, हमारे देश की महिलाओं और लड़कियों को घायल करने और धोखा देने की अनुमति नहीं देंगे। ट्रंप के इस फैसले से वो ट्रांसजेंडर एथलीट प्रभावित होंगे जो जन्म से पुरुष थे लेकिन बाद में सर्जरी के जरिए उन्होंने लिंग परिवर्तन करा लिया।

ट्रंप ने ट्रांसजेंडर एथलीटों को बैन किए जाने के आदेश पर साइन करते हुए कहा कि हम महिला एथलीटों के गौरवपूर्ण इतिहास की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आपको बता दें कि राष्ट्रपति पद की शपथ लेने से पहले ही ट्रंप ने इस बात के संकेत दे दिए थे कि वो ट्रांसजेंडर समुदाय और एलजीबीटी समुदाय से जुड़े कुछ कड़े फैसले लेने वाले हैं। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रांसजेंडर्स से जुड़ा एक और आदेश पारित किया था। ट्रंप ने 19 साल से कम आयु के लोगों को लिंग परिवर्तन कराने पर रोक लगा दी है। ट्रंप प्रशासन की ओर से कहा गया था कि इन विनाशकारी तथा जीवन को बदलने वाली प्रक्रियाओं को प्रतिबंधित करने वाले कानून को सख्ती से लागू करेगा।

इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अमेरिका की सेना में ट्रांसजेंडरों की नियुक्तियों को बैन किए जाने का कार्यकारी आदेश भी जारी किया गया है। गौरतलब है कि अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन ने भी ट्रांसजेंडरों को लेकर एक नियम प्रस्तावित किया था जो स्कूलों को ट्रांसजेंडर एथलीट्स को पूरी तरह प्रतिबंध करने से रोकता, हालांकि इसे लेकर विवाद और कानूनी चुनौतियों के चलते दिसंबर 2023 में बाइडेन प्रशासन की ओर से अपने इस प्रस्ताव को वापस ले लिया था।