August 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

एक्टर सैफ अली खान पर हमले के मामले में आई एक और ताजा जानकारी, जानिए मुंबई पुलिस ने अब क्या किया

मुंबई। एक्टर सैफ अली खान पर हमले के मामले में एक और ताजा जानकारी आई है। मीडिया की खबरों के मुताबिक मुंबई पुलिस ने बुधवार को आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद की शिनाख्त परेड कराई। सैफ अली खान पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद की शिनाख्त परेड के लिए आर्थर रोड जेल मे एक्टर के घर में काम करने वाले और स्टाफ नर्स पहुंचे थे। इनके सामने सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल और उसके चेहरे से मिलते-जुलते कुछ लोगों को साथ खड़ा कर ये शिनाख्त परेड मुंबई पुलिस ने कराई। कोर्ट के आदेश से मुंबई पुलिस ने सैफ अली खान पर हमले के आरोपी की शिनाख्त परेड कराई है। इस दौरान तहसीलदार भी मौजूद थे।

मुंबई पुलिस ने इससे पहले सैफ अली खान पर हमले के आरोपी शरीफुल इस्लाम के खिलाफ तमाम सबूत जुटाए। इसके अलावा सीसीटीवी में कैद चेहरे से शरीफुल के चेहरे का मिलान भी कराया। मुंबई पुलिस ने बताया था कि शरीफुल के फेस रिकग्निशन के इस टेस्ट का नतीजा सही निकला है। सीसीटीवी में कैद चेहरा और सैफ अली खान पर हमले के आरोपी का चेहरा मेल खाया था। मुंबई पुलिस के पास सैफ के हमलावर के खिलाफ इतने सबूत हैं कि उसे कोर्ट में अपना बचाव करने में दिक्कत हो सकती है। मुंबई पुलिस ने पहले ही बताया था कि सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला शरीफुल इस्लाम बांग्लादेश का नागरिक है। उसने भारत में मेघालय के डावकी से घुसपैठ की थी। फिर पश्चिम बंगाल पहुंचकर किसी और के आधार कार्ड पर सिम लिया था।

सैफ अली खान पर 15/16 जनवरी 2025 की दरम्यानी रात घर पर हमला किया गया था। आरोप है कि मोहम्मद शरीफुल इस्लाम चोरी के इरादे से घुसा था। वो बाथरूम में छिपा हुआ था। जहां सैफ अली की एक महिला कर्मचारी ने उसे देखा। इस महिला कर्मचारी से आरोपी बहस करने लगा और 1 करोड़ रुपए की मांग की। हंगामा सुनकर सैफ अली खान वहां पहुंचे और शरीफुल को पकड़ने की कोशिश की। आरोप है कि इस पर शरीफुल ने सैफ अली पर चाकू से हमला किया। सैफ के जिस्म पर कई जगह चाकू से गंभीर घाव लगे थे। यहां तक कि उनकी रीढ़ के पास चाकू का टुकड़ा टूटकर फंस गया था। मुंबई पुलिस चाकू के दूसरे हिस्से को आरोपी से मिली जानकारी के बाद बरामद कर चुकी है।