एशियन गेम्स में सुरुचि और कमलजीत की जोड़ी ने पिस्टल शूटिंग में जीता ‘सोना’, राइफल शूटिंग टीम ने हासिल की ‘चांदी’
नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन की शुरुआत भारत के लिए बहुत ही अच्छी हुई है। सुरुचि सिंह और कमलजीत की जोड़ी ने निशानेबाजी में उम्दा प्रदर्शन करते हुए गोल्ड जीता है। 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में सुरुचि और कमलजीत ने सोने का तमगा हासिल किया। मौजूदा एशियन गेम्स में यह भारत का दूसरा गोल्ड मेडल है। गोल्ड के बाद निशानेबाजी में ही भारत को सिल्वर भी मिला। पुरुषों के 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन टीम इवेंट में एपीएस तोमर, रुद्राक्ष पाटिल और नीरज कुमार की टीम ने सिल्वर मेडल जीता।
मिक्स्ड 4×400 मीटर रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया। इस टीम में मनु टीएस, पूवम्मा एमआर, विशाल टीके और विथ्या रामराज शामिल थे। टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में भी भारत का एक मेडल पक्का हो गया है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में दिया चितले और मानुष शाह की जोड़ी ने हांगकांग की वोंग चुन टिंग और डू होई केम की जोड़ी को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। इसके अलावा एक मेडल स्क्वैश टीम ने भी पक्का कर दिया है। स्क्वैश के मिक्स्ड डबल्स क्वार्टर फाइनल में जोशना चिनप्पा और वेलवन सेंथिलकुमार ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
महिलाओं की कबड्डी टीम सेमीफाइनल में नेपाल को हराकर फाइनल में पहुंच गई है। भारत ने नेपाल को 48-24 से हराया। वहीं पुरुषों की कबड्डी टीम ने भी सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-27 से हराते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इस तरह से दोनों कबड्डी टीमों ने भी मेडल सिक्योर कर लिया है। मेंस बॉक्सिंग के 60 किलोग्राम कैटेगरी में सचिन सिवाच ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। उन्होंने जॉर्डन के पूर्व एशियन चैंपियन और वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट मोहम्मद अबू जाजेह को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हरा दिया है। वहीं साजन प्रकाश ने 200 मीटर बटरफ्लाई की हीट-3 में तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बना ली।
