मेरठ में सांप से डसवाकर पति की हत्या का आरोप, दामिनी नाम की महिला तुषार संग गिरफ्तार
मेरठ। यूपी के मेरठ में साल भर के भीतर सांप से डसवाकर पति की जान लेने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक दामिनी नाम की महिला ने प्रेमी के साथ साजिश रचकर पति को सांप से डसवा दिया। पुलिस के मुताबिक दामिनी और उसके प्रेमी की नजर 20 लाख के बीमा रकम पर थी। जिसे हासिल करने के लिए उन्होंने हत्या की साजिश रची। ये वारदात मेरठ के हस्तिनापुर में हुई।
कृष्णा किड्स प्ले स्कूल चलाने वाले अतुल पंवार की बीते दिनों मौत हो गई। उनके शरीर पर सांप के डसने के निशान थे। पहले लोगों ने माना कि सांप आ गया और उसने नींद में अतुल को डस लिया। जिससे उनकी जान चली गई। वहीं, पुलिस ने जब जांच की, तो मामला दूसरा निकला। मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडेय के मुताबिक अतुल और उनकी पत्नी दामिनी मिलकर स्कूल चलाते थे। एसएसपी के मुताबिक दामिनी का स्कूल के ड्राइवर तुषार से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तुषार से दामिनी ने जहरीला सांप मंगाया। फिर पति को नशीला दूध देकर बेहोश करने के बाद सांप को अतुल के बिस्तर पर छोड़ दिया। सांप ने अतुल को डसा और उनकी मौत हो गई।
पुलिस का ये भी दावा है कि तुषार और दामिनी ने पहले सड़क हादसे में भी अतुल पंवार की हत्या की कोशिश की थी। उसमें नाकाम रहने के बाद सांप से डसवाकर जान ली। पुलिस को दामिनी और तुषार के बीच संबंधों का पता दोनों के मोबाइल फोन कॉल डिटेल से लगा। पुलिस के मुताबिक दामिनी से शादी करने के लिए तुषार ने पत्नी को तलाक देने की तैयारी भी कर ली थी। पुलिस ने तुषार और दामिनी को गिरफ्तार किया है। दोनों जेल भेजे गए हैं। बता दें कि बीते करीब दो साल से कई महिलाओं पर आरोप लग चुके हैं कि प्रेमी के साथ मिलकर उन्होंने अपने पति को मौत के घाट उतार दिया। मेरठ की ही मुस्कान का मामला भी चर्चा का विषय बना था। जिस पर पति की हत्या के बाद कंक्रीट डालकर नीले ड्रम में शव पैक करने का आरोप लगा है।
