दिल्ली के होटल में प्रेमिका की हत्या कर प्रेमी ने खाया जहर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली। दिल्ली के एक होटल में चाकू से गोदकर युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तरी जिले के लाहौरी गेट इलाके में स्थित प्रिंस होटल में यह वारदात हुई। होटल के कमरे से युवती की खून से लथपथ लाश मिली है। शुरुआती जांच में यह पता चला है कि युवती की हत्या उसके प्रेमी ने ही की है जो उसके साथ ही होटल में ठहरा हुआ था। इस वारदात को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी प्रेमी ने जहर खाकर खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। उसे गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस को उसके होश में आने का इंतजार है ताकि उससे पूछताछ की जा सके।
जानकारी के अनुसार, युवती और उसका प्रेमी बुधवार शाम को प्रिंस होटल में आकर रुके थे। रात में किसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। विवाद काफी बढ़ गया और गुस्से में आकर प्रेमी ने प्रेमिका को चाकू मार दी। ज्यादा खून बह जाने की वजह से उसकी मौत हो गई। उसके बाद प्रेमी ने भी जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की कोशिश की। काफी देर तक जब कमरे से कोई बाहर नहीं आया तो होटलकर्मियों को शक हुआ। इसके बाद मास्टर-की से दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा देखकर होटलकर्मी सन्न रह गए। कमरे में युवती का लहूलुहान अचेत अवस्था में पड़ी थी जबकि युवक तड़प रहा था।
आनन फानन में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल पहुंचावाया जहां डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवक को एलएनजेपी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है जिसने घटनास्थल पर जाकर जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। पुलिस ने युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। युवक के होश में आने के बाद पता चल सकेगा कि आखिर दोनों के बीच किस बात पर विवाद हुआ।
