September 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने पर राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर लगाया आरोप

नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम पंजाब में एसआईआर के बाद आई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से काट दिया गया है। राघव चड्ढा को स्थायी तौर पर स्थानांतरित बताकर उनका नाम वोटर लिस्ट से काटा गया है। पंजाब की वोटर लिस्ट से नाम कटने के बाद राघव चड्ढा बिफरे हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है। राघव चड्ढा ने कहा है कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार की निजी संपत्ति नहीं है। राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर बीजेपी ज्वॉइन की थी। वहीं, आम आदमी पार्टी ने कहा है कि एसआईआर में नाम काटने और जोड़ने में पंजाब सरकार की कोई भूमिका नहीं, क्योंकि चुनाव आयोग ही एसआईआर कराता है।

राघव चड्ढा ने इसे क्लैरिकल गलती मानने से इनकार किया है। सांसद ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई करार दिया है। राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वो पंजाब से मौजूदा राज्यसभा सांसद हैं। उनका वोटर कार्ड मोहाली का है। इसके बाद भी पंजाब की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में उनको स्थायी तौर पर स्थानांतरित यानी शिफ्टेड बताया गया है। राघव चड्ढा ने कहाहै कि राहत की बात है कि ये ड्राफ्ट वोटर लिस्ट है। नामों में सुधार, दावे और आपत्तियों के लिए वक्त है। राघव चड्ढा ने कहा है कि शिफ्टेड किसने लिखा। सांसद के मुताबिक बीएलओ से लेकर पंजाब के मुख्य निर्वाचन अफसर तक पंजाब सरकार के कर्मचारी हैं।

राघव ने आगे लिखा है कि बीएलओ जूनियर कर्मचारी होता है। इसके बाद एईआरओ, ईआरओ और फिर जिला निर्वाचन अफसर यान डीईओ पद पर भी पंजाब सरकार के अधिकारी होते हैं। जबकि, मुख्य निर्वाचन अधिकारी पद पर पंजाब कैडर के आईएएस होते हैं। राघव चड्ढा ने कहा है कि ये सभी अफसर जानते हैं कि चुनाव संबंधी ड्यूटी खत्म होने के बाद उनके ट्रांसफर, तैनाती और करियर पर आम आदमी पार्टी सरकार का असर रहता है। अफसरों को पता है कि उनका ट्रांसफर कौन कर सकता है और कौन उनके लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। राघव ने कहा कि इसी तरह आम आदमी पार्टी सरकार अफसरों के जरिए राजनीतिक बदले की कार्रवाई करती है। राघव ने कहा कि जबसे कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी छोड़ी है, तभी से पार्टी नेतृत्व नाराज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *