एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने जनपद न्यायाधीश से की शिष्टाचार भेंट
नरेंद्र बंसल-
मेरठ। नवागत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति (IPS) ने जनपद का कार्यभार ग्रहण करने के बाद सोमवार को माननीय जनपद न्यायाधीश मेरठ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों अधिकारियों के बीच विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक विषयों को लेकर सौहार्दपूर्ण संवाद हुआ।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने कार्यभार संभालने के बाद पुलिस एवं न्यायिक व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय को लेकर अधिकारियों से मुलाकात का सिलसिला शुरू किया है। इसी क्रम में उन्होंने जनपद न्यायाधीश से मुलाकात कर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
भेंट के दौरान प्रशासनिक एवं न्यायिक मामलों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श हुआ। दोनों अधिकारियों ने कानून व्यवस्था और न्यायिक प्रक्रिया से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय एवं सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया।
गौरतलब है कि बीबीजीटीएस मूर्ति 2015 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, जिन्हें शासन स्तर पर हुए तबादलों के बाद मेरठ का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद से एसएसपी द्वारा जनपद की पुलिस व्यवस्था को समझने और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
