June 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मेरठ प्रेस क्लब में बिजली कनेक्शन बहाल कराने की मांग, संयुक्त प्रेस क्लब ने एमडी को सौंपा ज्ञापन

नरेंद्र बंसल –

मेरठ। मंगल पांडे नगर स्थित मेरठ प्रेस क्लब में विद्युत कनेक्शन पुनः बहाल कराने की मांग को लेकर संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ के पदाधिकारियों ने सोमवार को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्लब अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी और महामंत्री धर्मेंद्र तोमर ने संयुक्त रूप से किया।

ज्ञापन में बताया गया कि मेरठ प्रेस क्लब लंबे समय से पत्रकारों की गतिविधियों, प्रेस वार्ताओं, सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों और पत्रकार हितों के मुद्दों का प्रमुख केंद्र रहा है। लेकिन विद्युत कनेक्शन बंद होने के कारण क्लब की गतिविधियां गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। गर्मी के मौसम में पंखे और कूलर नहीं चल पाने से पत्रकारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं शाम के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने से बैठकों और कार्यक्रमों के आयोजन में भी कठिनाइयां उत्पन्न हो रही हैं।

संयुक्त प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल बिजली कनेक्शन बहाल करने की मांग की, ताकि मेरठ प्रेस क्लब की गतिविधियां सुचारू रूप से संचालित हो सकें और पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस दौरान प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि मेरठ प्रेस क्लब के विद्युत कनेक्शन से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कर कनेक्शन बहाल कराया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने वालों में अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र तोमर, रमेश सोनी, शालू शर्मा, अनू ठाकुर, माही कश्यप, गौरव गोयल, मुकेश गुप्ता, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभाष रस्तोगी, शुभम, अशोक टाइगर सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *