पटरी पर लौटते दिख रहे भारत और अमेरिका के रिश्ते, डोनाल्ड ट्रंप ने दोस्ती की कही बात तो पीएम मोदी ने भी दिया ये जवाब
नई दिल्ली। टैरिफ की वजह से बिगड़े भारत और अमेरिका के रिश्ते पटरी पर लौटते दिख रहे हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से पीएम नरेंद्र मोदी को हमेशा अपना दोस्त और भारत से रिश्तों को खास बताया गया। ट्रंप के इस बयान पर पीएम मोदी ने भी जवाब दिया है। पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट में लिखा कि राष्ट्रपति ट्रंप की भावनाओं और हमारे संबंधों के सकारात्मक मूल्यांकन की हम दिल से सराहना और पूर्ण समर्थन करते हैं। पीएम मोदी ने ये भी लिखा है कि भारत और अमेरिका के बीच अत्यंत सकारात्मक और दूरदर्शी व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी को महान प्रधानमंत्री बताते हुए कहा था कि उनसे हमेशा दोस्ती बनी रहेगी। ट्रंप ने अमेरिका-भारत के रिश्तों को खास बताया था। ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों के संबंध में किसी चिंता की जरूरत नहीं है। अमेरिका के राष्ट्रपति ने कहा था कि दो देशों के बीच कुछ मुद्दों पर खटपट हो जाती है। इससे पहले ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पीएम मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की फोटो शेयर की थी। उन्होंने लिखा था कि शायद हमने भारत और रूस को चीन के हाथ खो दिया है।
डोनाल्ड ट्रंप की ओर से भारत के खिलाफ लगातार कदम उठाए जाने के कारण भारत और अमेरिका के रिश्तों में तल्खी दिख रही थी। ट्रंप ने व्यापार समझौता न होने पर पहले भारत पर 25 फीसदी टैरिफ लगाया था। जिसके बाद अचानक उन्होंने रूस से कच्चे तेल और हथियार खरीदकर यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में मदद देने का बेबुनियाद आरोप लगाते हुए भारत पर और 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया। वहीं, भारत सरकार ने साफ कर दिया था कि वो किसी दबाव में नहीं झुकेगी। खुद पीएम नरेंद्र मोदी कई बार कह चुके हैं कि भले ही उन्हें निजी नुकसान हो, लेकिन देश के किसानों, मछुआरों और पशुपालकों का अहित नहीं होने देंगे। भारत के इस रुख के बाद अब ट्रंप ने फिर दोस्ती की बात कही और उस पर पीएम मोदी का बयान आया है।
